कैबिनेट ने ऊना जिले के पशु औषधालय भंजाल, जोह, घनारी, ठठल और चाक सराई के अलावा सिरमौर जिला के पशु औषधालय पुरूवाला और शिवपुर, कांगड़ा जिला के पशु औषधालय कुठारना, टटवाणी और सनूहं को पशु अस्पतालों में स्तरोन्नत करने के साथ इन संस्थानों में विभिन्न श्रेणियों के 30 पद सृजित कर भरने को स्वीकृति प्रदान की। मंडी जिले के भनेड़ा में नया पशु औषधालय खोलने का भी निर्णय लिया। कैबिनेट ने चंबा के कुलाल में नया पशु औषधालय, ऊना जिला के हरोट, चराड़ा, बलखालसा और बोहरू तथा मंडी के बसूट में नए पशु औषधालय खोलने और विभिन्न श्रेणियों के 12 पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया। कुल्लू जिला के पंजेड़ा में नया पशु अस्पताल खोलने का निर्णय लिया। कांगड़ा जिले के सुघ भटोली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खेालने और विभिन्न श्रेणियों के पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया। कुल्लू जिला के रोहाड़ीधार, डीम और डुग्गा में स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने और विभिन्न श्रेणियों के पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया। कांगड़ा जिला के सांबा और सैंडू में नए स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने और विभिन्न श्रेणियों के पद सृजित कर भरने को स्वीकृति दी।
यहां भी खुलेंगे स्वास्थ्य केंद्र
कांगड़ा की ग्राम पंचायत हटवास तथा मंडी की छतरी उप तहसील के बैठवां गांव में स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने और विभिन्न श्रेणियों के पद सृजित कर भरने की मंजूरी दी। कांगड़ा जिले के खरोठ में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने का निर्णय लिया। मंडी जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बालीचौकी के तहत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र थाची में बिस्तर क्षमता बढ़ाकर 10 बिस्तर करने और इंडोर सुविधाएं शुरू करने को स्वीकृति प्रदान की। लंबलू में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोटा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया। चंबा के पल्यूहण, ककियां और कैला में स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने और विभिन्न श्रेणियों के पद सृजित कर भरने को स्वीकृति दी। कुल्लू जिला की ग्राम पंचायत सिराज के दीमन चाहड़ी में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने को स्वीकृति प्रदान की। हमीरपुर जिला की ग्राम पंचायत बडारण और कोटला चिल्लियां में स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने का निर्णय लिया। ऊना जिला में 15 बिस्तर क्षमता के नागरिक अस्पताल बंगाणा तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थानाकलां में विभिन्न श्रेणियों के 16 पदों को भरने की स्वीकृति प्रदान की।
कैबिनेट ने चंबा जिला के लबाणा-डेरा, टाप्पर, चित्रकूट और नड्डल में स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने को स्वीकृति प्रदान की। सोलन जिला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नालागढ़ को 100 बिस्तर क्षमता के नागरिक अस्पताल में स्तरोन्नत करने व विभिन्न श्रेणियों के पद सृजित कर भरने का भी निर्णय लिया। ऊना में 30 बिस्तरों वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दौलतपुर चौक को 50 बिस्तर क्षमता के सीएचसी में स्तरोन्नत करने और विभिन्न श्रेणियों के 19 पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लपयाना को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया गया। मंडी के स्वास्थ्य उपकेंद्र खुनाची को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने का निर्णय लिया गया। बैठक में सोलन के कसौली विधानसभा क्षेत्र के कोटिनांबा, सेरी, रानोन, मैहलों और गागुड़ी में स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने का भी निर्णय लिया।
मंडी के कटवाणू, धाबेहर और सुधारनी में स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने को भी अपनी स्वीकृति प्रदान की। सोलन जिला के ईएसआई अस्पताल परवाणू में डॉक्टरों के 6 पद सृजित करने का भी निर्णय लिया। सिरमौर के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुंडियां को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में स्तरोन्नत करने और विभिन्न श्रेणियों के चार पद सृजित कर भरने का निर्णय लिया। सुंदरनगर तहसील के बीणा में नया स्वास्थ्य उप केंद्र और चंबा जिला के गांव भदेला में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने का निर्णय लिया। सिरमौर जिला के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कामरौ को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र स्तरोन्नत करने और विभिन्न श्रेणियों के तीन पद सृजित कर भरने का भी निर्णय लिया। कुल्लू जिला के दियार में स्वास्थ्य उप केंद्रखोलने और सोलन जिला के स्वास्थ्य उप केंद्र मानपुरा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने को स्वीकृति प्रदान की।
कैबिनेट ने सिरमौर के बहली कोटी और हलाहा, कुल्लू के करसाई और मंडी के बंदली में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने व आवश्यक पदों के सृजन और भरने का निर्णय लिया। मंडी जिला के कटौला में राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान खोलने और विभिन्न श्रेणियों के 13 पद सृजित करने का निर्णय लिया। मंडी में ही राजकीय औद्यौगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) करसोग में इलेक्ट्रीशियन, मैकेनिक मोटर व्हीकल व प्लम्बर के नए ट्रेड आरंभ करने का भी निर्णय लिया। राजकीय औद्यौगिक प्रशिक्षण संस्थान कोटली में प्लंबर, टेक्निशियन मेडिकल इलेक्ट्रॉनिक्स के नए ट्रेड शुरू करने का भी निर्णय लिया।