अवैध रूप से लाए गए सेब के पांच हजार पौधे किए नष्ट
बाहरी राज्य से अवैध रूप से करसोग लाए गए सेब के लगभग पांच हजार पौधों को उद्यान विभाग की टीम ने चुराग स्थित विभागीय कार्यालय में नियमानुसार आग लगाकर नष्ट कर दिया। विभाग के विषय विशेषज्ञ डाॅ. जगदीश वर्मा ने बताया कि सेब के यह पौधे करसोग क्षेत्र के ही एक व्यक्ति की ओर से अवैध रूप से जम्मू-कश्मीर से गाड़ी में भर कर करसोग लाए जा रहे थे। सूचना मिलने पर विभागीय टीम ने कार्रवाई करते हुए गत 29 जनवरी को पौधों को अपने कब्जे में ले लिया था। बताया कि इस कार्रवाई को विभाग की ओर से गठित टीम की अगुवाई में फल पौधशाला पंजीकरण अधिनियम के अनुसार पूर्ण किया गया। इसमें डाॅ. मोनिका शर्मा, डाॅ. नारायण ठाकुर और जूनियर तकनीशियन जगदीश शामिल रहे। बताया कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने बागवानों को ऐसे लोगों से सतर्क रहने की सलाह देते हुए आग्रह किया है कि इस प्रकार के गैर पंजीकृत पौध उत्पादकों से फलदार पौधे न खरीदें और पंजीकृत नर्सरी से ही फलदार पौधों की खरीद करें। आग्रह किया है कि अवैध फल पौधों के कारोबार में संलिप्त लोगों की सूचना विभाग को दें, ताकि उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। बताया कि कानून के अनुसार दोषी पाए जाने पर, ऐसे कारोबारी को 50 हजार रुपये तक जुर्माने और एक वर्ष के कारावास का भी प्रावधान है।