संभाजीनगर महाष्ट्र थाना में दर्ज करवाया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। चौपाल के नेरवा के बागवान के साथ महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर (पुराना नाम औरंगाबाद) में सेब खरीद के नाम पर 8.40 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है।
बागवान ने इसको लेकर छत्रपति संभाजीनगर के स्थानीय थाने में एफआईआर करवाई है। मंगलवार को शिमला में पत्रकारवार्ता में विपिन चौहान ने बताया कि छत्रपति संभाजीनगर महाराष्ट्र के एक आढ़ती ने उनसे एक ट्रक सेब की मांग की थी। इसके बाद व्हाट्सएप पर उनकी आढ़ती के साथ सेब खरीद को लेकर चेटिंग हुई। इसमें अच्छे सेब के रेट 3,000 से 3,200 और छोटे सेब का रेट 1800 रुपये प्रति पेटी तय हुआ। इसके बाद उन्होंने 455 बड़ी पेटी और 10 पेटी गिफ्ट पैक ट्रक में भरकर महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के लिए भेज दीं। ट्रक 5 अगस्त को संभाजीनगर में पहुंचा और आढ़ती ने उसे 6 अगस्त को बेच दिया। इसके बाद आढ़ती ने उनके खाते में 3 लाख रुपये जमा किए लेकिन शेष 8.40 लाख रुपये की पेमेंट नहीं मिली है। बागवान ने इस बारे में कई बार आढ़ती से संपर्क करने की कोशिश की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। उन्होंने छत्रपति संभाजीनगर जाकर स्थानीय थाने में आढ़ती एसके शान के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवा दी है। उन्होंने आरोप लगाया यह आढ़ती पहले भी प्रदेश में कई बागवानों के साथ ठगी को अंजाम दे चुका है। उन्होंने अपने स्तर पर इसको लेकर छानबीन की तो पता चला कि आरोपी आढ़ती ने आनी के एक बागवान के साथ वर्ष 2023 में 10 लाख और चौपाल के एक अन्य बागवान के साथ 3.65 लाख रुपये की ठगी की है। विपिन चौहान ने बताया कि उन्होंने वहां एपीएमसी से भी उसकी शिकायत की है। एपीएमसी ने उसकी दुकान को भी बंद कर दिया है और अब पुलिस उसकी तलाश कर रही है, लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई बागवान आढ़ती की ठगी का शिकार है तो वह उनसे संपर्क कर सकता है। इससे उसके खिलाफ आगामी कार्रवाई करने में मदद मिलेगी।