केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में दिव्यांगजनों के लिए विज्ञापित होने वाले रोजगार की सूचना मोबाइल फोन पर संदेश के माध्यम से पहुंचनी चाहिए। यह व्यवस्था बनने से कोई भी दिव्यांग रोजगार के अवसर से वंचित नहीं रहेगा। अनुराग ठाकुर ने सोमवार को हमीरपुर में उपायुक्त को यह निर्देश जारी किए। मंत्री ने हमीरपुर जिले को स्वच्छता में एक बार फिर अग्रणी बनाने, दिव्यांगजनों और महिलाओं को सार्वजनिक शौचालयों में और बेहतर सुविधाएं प्रदान करने, टाउन हाल के रखरखाव में और सुधार लाने के भी निर्देश दिए।
इस मौके पर जिले भर के 161 पात्र दिव्यांगजनों को 292 विभिन्न उपकरण नि:शुल्क प्रदान किए गए। ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिव्यांगों की सुविधा के लिए गंभीर रहते हैं। इस दिशा में कार्य करते हुए केंद्र सरकार ने इनके कल्याण के लिए आवंटित बजट में इस वर्ष 30 फीसदी की बढ़ोतरी की है। सामाजिक क्षेत्र के अंतर्गत अनुसूचित जाति के कल्याण के लिए बजट में 51.65 फीसदी की बढ़ोतरी की गई है। मनरेगा की दिहाड़ी बढ़ाकर 202 रुपये की गई है। उद्यमियों के लिए 20 प्रतिशत अतिरिक्त कार्यशील पूंजी उपलब्ध करवाई गई। इस मौके पर उपायुक्त और जिला कल्याण अधिकारी मौजूद रहे।