हिमाचल प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग।
- फोटो : अमर उजाला
विभिन्न परीक्षाओं में अनियमितताएं पाए जाने पर भंग किए गए हमीरपुर कर्मचारी चयन आयोग से जुड़ा काम देखने के लिए एचएएस अधिकारी अनुपम कुमार को ओएसडी नियुक्त किया गया है। बुधवार को कार्मिक विभाग ने इस बाबत अधिसूचना जारी की। तकनीकी शिक्षा विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार अनुपम कुमार को ओएसडी का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। अनुपम को आयोग को लेकर हो रही विजिलेंस जांच के लिए रिकॉर्ड देने और लोकसेवा आयोग शिमला से पत्राचार करने का काम सौंपा गया है। भंग किए गए आयोग के पूरी तरह से बंद होने तक अनुपम कुमार ओएसडी के पद पर कार्य करेंगे।
डॉ. आशीष शर्मा बनाए नगर निगम पालमपुर के नए आयुक्त
उपमंडल अधिकारी धीरा, जिला कांगड़ा के पद पर नियुक्त डॉ. आशीष शर्मा को नगर निगम पालमपुर का आयुक्त नियुक्त किया गया है। आयुक्त का अतिरिक्त कार्यभार देख रहे उपमंडल अधिकारी पालमपुर डॉ. अमित गुलेरिया को कार्यभार मुक्त कर दिया गया है। नियुक्ति का इंतजार कर रहे एचएएस अधिकारी जीवन सिंह को संयुक्त सचिव सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता, उपमंडल अधिकारी बैजनाथ सलीम आजम को मेडिकल कॉलेज नेरचौक, मंडी का संयुक्त निदेशक नियुक्त किया गया है। संयुक्त निदेशक का कार्यभार देख रहे देवी चंद को उपमंडल अधिकारी बैजनाथ लगाया गया है। उपमंडल अधिकारी जयसिंहपुर संजीव ठाकुर को धीरा, जिला कांगड़ा में नियुक्ति दी गई है।
तीन एचएएस अधिकारियों को सौंपा अतिरिक्त कार्यभार, एक स्थानांतरित
प्रदेश सरकार ने तीन एचएएस अधिकारियों को अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। उपमंडल अधिकारी मंडी रितिका को उपमंडलाधिकारी कोटली, संयुक्त सचिव शिक्षा सुनील वर्मा को रजिस्टार उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग और अतिरिक्त सचिव शहरी विकास विनय कुमार को अतिरिक्त सचिव वित्त का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा है। संयुक्त आयुक्त नगर निगम पालमपुर शिव मोहन सिंह सैनी को कार्मिक विभाग शिमला में नियुक्ति दी गई है। उधर, राज्य सचिवालय सेवाओं के पांच अधिकारियों के विभागों में भी फेरबदल किया गया है। उप सचिव तुलिका शर्मा को शिक्षा, अवर सचिव कुलतार सिंह राणा को मुद्रण एवं लेखन सामग्री, अवर सचिव द्रुगेश नंदिनी को तकनीकी शिक्षा, अवर सचिव भुवनेश्वरी शर्मा को राजस्व और अवर सचिव रीटा वालिया को शिक्षा विभाग का जिम्मा सौंपा गया है।