छात्रावासों में भोजन व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए वैकल्पिक इंतजाम
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। एलपीजी संकट की आशंका को देखते हुए हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्रावासों की रसोई व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए अतिरिक्त तैयारी की है। विश्वविद्यालय ने नियमित आपूर्ति के अलावा करीब 15 दिन का अतिरिक्त गैस बैकअप रख लिया है। इससे यदि भविष्य में आपूर्ति बाधित होती है तो भी भोजन पर असर नहीं पड़ेगा।
विश्वविद्यालय के मुख्य वार्डन प्रो. आरएल जिंटा ने बताया कि एचपीयू के छात्रावासों में बड़ी संख्या में विद्यार्थी रहते हैं। उनकी भोजन व्यवस्था को हर हाल में सुचारू रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसी कारण मेस में उपयोग होने वाले एलपीजी सिलेंडरों का अतिरिक्त भंडार जुटा लिया है। यह व्यवस्था विशेष रूप से संभावित आपूर्ति बाधा को ध्यान में रखकर की गई है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय के छात्रावासों की मेस में आम तौर पर घरेलू श्रेणी के एलपीजी सिलेंडरों का उपयोग होता है जो अधिकृत गैस एजेंसियों से नियमित रूप से उपलब्ध कराए जाते हैं। वर्तमान स्थिति को देखते हुए इन सिलेंडरों की आपूर्ति में किसी प्रकार की देरी की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। इसे देखते बैकअप रखने का निर्णय लिया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने केवल गैस का अतिरिक्त स्टॉक रखने तक ही सीमित कदम नहीं उठाया है। यदि किसी कारण से एलपीजी आपूर्ति कुछ समय के लिए पूरी तरह रुक जाती है तो भी छात्रावासों की मेस में भोजन उपलब्ध कराने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार रखी गई है। इसके तहत आवश्यक खाद्य सामग्री का अतिरिक्त भंडारण किया गया है। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक ईंधन का भी उपयोग किया जा सकता है।
सभी छात्रावासों के वार्डनों और मेस प्रबंधन को भी स्थिति पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। किसी भी तरह की कमी या समस्या सामने आने पर तुरंत विश्वविद्यालय प्रशासन को सूचित करने को कहा गया है ताकि समय रहते समाधान किया जा सके। एचपीयू के छात्रावासों में भोजन व्यवस्था सामान्य रूप से जारी रहेगी।