हिमाचल प्रदेश में नए शैक्षणिक सत्र से पांचवीं और आठवीं कक्षा के विद्यार्थियाें की उत्तर पुस्तिकाएं ब्लॉक स्तर पर जांची जाएंगी। वार्षिक परीक्षाओं में परिणाम के आधार पर ही विद्यार्थियों को पास और फेल करने का फैसला लागू होने के बाद प्रदेश में यह नई व्यवस्था लागू होगी। वार्षिक परीक्षाओं में फेल होने वाले विद्यार्थियों की दो माह बाद फिर परीक्षा होगी। दूसरे मौके में भी परीक्षा पास नहीं करने वालों को पुरानी कक्षा में ही रोका जाएगा। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि सरकार को प्रस्ताव बनाकर भेजा गया है कि पांचवीं और आठवीं कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाएं ब्लॉक और क्लस्टर स्तर पर जांची जाएंगी। अभी तक की व्यवस्था के तहत इन दोनों कक्षाओं के लिए प्रश्नपत्र तो स्कूल शिक्षा बोर्ड की ओर से जारी किए जाते हैं लेकिन उत्तर पुस्तिकाओं को आसपास के स्कूलों में ही जांचा जाता है। शैक्षणिक सत्र 2025-26 से पांचवीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं को ब्लॉक और आठवीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं को क्लस्टर स्तर पर जांचा जाएगा।