बसंतपुर हत्याकांड का दूसरा आरोपी बिहार से दबोचा, नेपाल भागने की फिराक में था आरोपी
विज्ञापन
एक आरोपी को पहले ही पकड़ चुकी है शिमला पुलिस अमर उजाला ब्यूरो शिमला। सुन्नी पुलिस थाना के तहत बसंतपुर क्षेत्र में अपने साथी युवक की हत्या कर फरार हुए दूसरे आरोपी को भी शिमला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। 31 वर्षीय आरोपी बिकेश कुमार, बिहार के जिला पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के गांव देवी छपरा का रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों का प्रवेश राम के साथ तीन मार्च को झगड़ा हुआ था। इसके बाद 23 मार्च को पास के ही खेत में प्रवेश राम का शव दबा मिला था। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था लेकिन इससे पहले ही शिमला पुलिस ने जाल बिछाकर इसे बिहार से ही गिरफ्तार कर लिया। अब इसे शिमला लाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार हत्याकांड में शामिल दोनों आरोपियों को अब गिरफ्तार कर लिया गया है। इन्होंने होली के दिन अपने साथी युवक की हत्या कर दी थी। पुलिस ने 20 मार्च को इस बारे में मुकदमा दर्ज किया था। पुलिस ने छानबीन में पाया कि युवक के साथी ही इस हत्याकांड में संलिप्त हैं। जांच को आगे बढ़ाते हुए शिमला पुलिस ने एक आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर लिया। दूसरा आरोपी वारदात के बाद नेपाल भागने की तैयारी में था।
विज्ञापन
पुलिस ने जाल बिछाकर और तकनीकी विश्लेषण एवं विश्वसनीय मुखबिर की सूचना के आधार पर नेपाल सीमा क्षेत्र में इसका पीछा किया और देवी छपरा, जिला पूर्वी चंपारण (मोतिहारी), बिहार से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को शनिवार को न्यायालय, चंपारण (बिहार) में पेश किया जा रहा है। ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद इसे शिमला लाया जाएगा। यहां फिर से इसे कोर्ट में पेश किया जाना है। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि हत्याकांड में शामिल दोनों मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में हर पहलू पर जांच जारी है।
हत्या कर खेत में दबा दिया था शव
पुलिस के अनुसार बिहार निवासी 25 वर्षीय युवक प्रवेश राम के पिता ने शिकायत दी थी कि उसका बेटा तीन मार्च से लापता है। वह अपने साथियों के साथ बसंतपुर में किराये के मकान में रहता था। बेटे के लापता होने के साथ ही इसके साथियों के फोन भी अब स्विच ऑफ आ रहे हैं। पुलिस ने छानबीन में पाया कि तीन मार्च की रात युवकों में लड़ाई हुई थी। इसके बाद 23 मार्च को गुमशुदा युवक का शव इस क्षेत्र में एक खेत से खोदकर निकाला गया। इसके बाद से पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही थी। पहले आरोपी अरुण के बाद अब दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।