सुजानपुर विस उपचुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी अनीता राणा ने अपना नामांकन भर लिया है। उन्होंने शनिवार को सुजानपुर में सहायक निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
इस दौरान उनके पति राजेंद्र राणा, युकां प्रदेशाध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह, टिकट की दावेदार अनिता वर्मा और हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुई उर्मिल ठाकुर, सीपीएस इंद्रदत्त लखनपाल, जगदीश सिपहिया भी मौजूद रहे।
नामांकन के बाद सुजानपुर के चिल्ड्रन पार्क में रैली का आयोजन किया। राणा समर्थक लेखराज ठाकुर ने अनीता राणा के कवरिंग कैंडीडेट के रूप में नामांकन पत्र दाखिल किया।
इस मौके पर प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि भाजपा को जीतने के लिए मोदी नाम का सहारा लेना पड़ रहा है।
सीपीएस आईडी लखनपाल ने कहा कि प्रदेश में वीरभद्र सिंह की लहर है। कांग्रेस प्रत्याशी अनीता राणा ने कहा कि परिवार ने हमेशा समाजसेवा को ध्येय माना है। पिछले एक साल के दौरान सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में रिकार्ड विकास हुआ है।
सुजानपुर के लिए पांच ने भरा नामांकन पत्र
सुजानपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के अंतिम दिन पांच उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए।
निर्वाचन अधिकारी सुजानपुर मनोज कुमार ने बताया कि शनिवार को सुभाष चंद ने आज़ाद, अनिता कुमारी राणा ने कांग्रेस, लेख राज ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी के कवरिंग उम्मीदवार के रूप में, अनिता देवी पत्नी प्रवीण कुमार ने बीएसपी और प्रवीण कुमार ने भी नामांकन पत्र दाखिल किए।