विश्वविद्यालय कर्मचारियों का आंदोलन और तेज होगा या खत्म, इस पर फैसला 21 अगस्त को होने वाली शिकायत निवारण समिति की बैठक में होगा। विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रो. राजेंद्र सिंह चौहान ने 21 अगस्त को ईसी द्वारा गठित शिकायत निवारण समिति की बैठक बुलाई है।
जेसीसी के अध्यक्ष डा. हितेश्वर ठाकुर, ईसी सदस्य चौ. वरयाम सिंह बैंस और कोर्ट सदस्य तेज राम शर्मा, अशोक शर्मा, मदन गोपाल, बिशन सिंह चंदेल ने बताया कि मंगलवार दोपहर दो बजे प्रति कुलपति के साथ हुई चारों यूनियन के अध्यक्षों की बैठक में कर्मचारियों की इस मांग को मान लिया गया है।
21 अगस्त को अब विश्वविद्यालय प्रशासन और कर्मचारियों की जेसीसी आमने-सामने बैठक कर बात करेगी। जेसीसी को उम्मीद है कि इस बैठक में उनकी लंबित मांगों पर कोई फैसला होगा।
इन नेताओं ने कहा कि बैठक के बाद ही कर्मचारियों के आंदोलन की दिशा और दशा तय की जाएगी। शिकायत निवारण समिति की बैठक में लंबित मांगों पर फैसला संभव है।