प्रजातंत्र एक विचारधारा से नहीं चलता। यदि बागों में एक ही रंग के फूल लगा दिए जाएं तो न तो वह बाग अच्छा लगता है और न ही फूल। यह बात मंगलवार को दाड़ी मेला ग्राउंड में आयोजित चुनावी जनसभा के दौरान कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी आनंद शर्मा ने कही। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोग एक ही विचारधारा को अपनाने की बात कर रहे हैं और लोगों पर उसे जबरदस्ती थोपना चाहते हैं। जब वह केंद्रीय मंत्री थे तो उन्होंने हिमाचल प्रदेश को कई सौगातें दीं। इसके अलावा कांग्रेस पार्टी की चलाई गईं योजनाएं ही हैं, जो लोगों को जीवन यापन करने में मदद कर रही हैं।
कांग्रेस की सरकार जब केंद्र में सत्तासीन थी तो मनरेगा को लाया गया, जो आज के दिन में लोगों के लिए रोजगार का सबसे अच्छा साधन बना हुआ है। उन्होंने केंद्र सरकार पर बरसते हुए कहा कि भाजपा नोटबंदी कर कालाधन तो वापस नहीं ला पाई, लेकिन लोगों को अपना ही पैसा पाने के लिए भिखारी तक बना दिया। इसके अलावा गलत कानूनों से जहां व्यापारी वर्ग को परेशान किया, वहीं देश के किसान जो अपनी बात रखने के लिए दिल्ली जा रहे थे, उनके लिए रास्ते में कीलें तब बिछवा दीं। उन्होंने कहा कि देश की जनता हर अन्याय का बदला लोकसभा चुनाव में लेगी।