अप्लाइड फोर वाहन की टक्कर से तीन वाहनों को नुकसान
अमर उजाला ब्यूरो शिमला। शहर के बीसीएस में वीरवार देर रात तारा माता मंदिर के पास सड़क किनारे खड़ी गाड़ियों को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सड़क किनारे खड़ी तीन गाड़ियों को भारी नुकसान पहुंचा है। टक्कर मारने के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार घटना वीरवार रात करीब 10:00 बजे की है। तारा माता मंदिर के आसपास सड़क किनारे लोगों की गाड़ियां खड़ी रहती हैं। देर रात तेज रफ्तार अप्लाइड फोर वाहन ने इन गाड़ियों को टक्कर मार दी। इसके तुरंत बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। खलीनी में लगे सीसीटीवी में यह वाहन दिखाई दे रहा है। लोग शुक्रवार सुबह जब मौके पर पहुंचे तो गाड़ियों की हालत देखकर दंग रह गए। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि देर रात किस वाहन ने गाड़ियों को टक्कर मारी, इसका पता लगाया जा रहा है। पटयोग की पार्षद आशा शर्मा ने कहा कि अज्ञात वाहन की टक्कर से तीन गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। पुलिस टक्कर मारकर फरार हुए वाहन की तलाश कर रही है।