पहली बार जयराम सरकार ने भी अनुराग को केंद्रीय नेता के तौर पर तवज्जो दी। अमित शाह और जगत प्रकाश नड्डा के अलावा जगह-जगह अनुराग ठाकुर की भी तस्वीर सरकारी होर्डिंग में लगाई गई। यही नहीं, कार्यक्रम के दौरान अनुराग को शाह के सामने बोलने का समय दिया गया। रैली के दौरान मंच पर अनुराग ठाकुर और अमित शाह के बीच की केमिस्ट्री भी दिखी।
दोनों के बीच वैसे तो मंच पर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर बैठे थे। लेकिन जयराम जब अपना भाषण पढ़ने गए तो अनुराग उठकर जयराम की सीट पर बैठ गए। इसके बाद कुछ मिनट तक शाह और अनुराग के बीच बातचीत होती रही। बातचीत तो दोनों ही जानते होंगे लेकिन शारीरिक हाव-भाव से सकारात्मक रुख ही देखने को मिला। कुछ ऐसा ही हुआ जब अनुराग के भाषण के दौरान जयराम और शाह के बीच भी गुफ्तगू होती रही।
रैली में नहीं पहुंचे शांता
प्रदेश सरकार के दो साल के कार्यक्रम में इस बार पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार नहीं पहुंचे। इस बार उनके रैली में न पहुंचने को लेकर तरह तरह की चर्चाएं होती रही। ग्लोबल इन्वेस्टर मीट और उससे पहले पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में हुई रैली में शांता को बोलने का भी मौका नहीं मिला था। ऐसे में कुछ सियासी पंडित उनकी गैर मौजूदगी को इससे भी जोड़कर देख रहे हैं। हालांकि पार्टी के नेताओं का कहना था कि उन्हें न्योता दिया गया था लेकिन स्वास्थ्य कारणों के चलते वह रैली में नहीं पहुंच पाए।
नड्डा और धूमल में भी होती रही गपशप
मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री प्रेमकुमार धूमल भाजपा के कार्यकारी राष्ट्रीय नड्डा के बाईं ओर बैठे थे तो इस बीच इन दोनों खूब गपशप होती रही। जयराम ठाकुर के भाषण के दौरान भी दोनों बातचीत करते रहे।