हिमाचल प्रदेश सरकार ने जीप योग्य और एबुलेंस संपर्क सड़कों के डिजाइन, निर्माण, प्रमाणन और रख-रखाव के लिए व्यापक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। यह देश में अपनी तरह की पहली व्यवस्था है। इसका उद्देश्य प्रदेश के दूरदराज और दुर्गम गांवों तक सुरक्षित सड़क संपर्क सुनिश्चित करना है। इन मार्गों का उपयोग जीप, एंबुलेंस और अन्य हल्के वाहनों की आवाजाही के लिए किया जाएगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं, शिक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाओं तक बेहतर पहुंच मिलेगी। नई व्यवस्था में सड़क की चौड़ाई, सड़क की सतह, जल निकासी व्यवस्था, रिटेनिंग एवं ब्रेस्ट वॉल, ढलानों की सुरक्षा और सड़क सुरक्षा उपायों से संबंधित स्पष्ट प्रावधान किए गए हैं। ये प्रावधान सड़कों को सुरक्षित, टिकाऊ और लंबे समय तक उपयोग योग्य बनाए रखेंगे।