अपने कदमों की रफ्तार से सबको चकित कर देने वाली ऊना की उड़नपरी बख्शो देवी की मदद के लिए कई संस्थाएं आगे आई हैं। उसका अब ‘अमर उजाला’ इलाज कराएगा। बख्शो का सोमवार को एक प्रतिष्ठित अस्पताल में चेकअप करवाया जाएगा। उसके इलाज के लिए सरकाघाट के डॉक्टर सुनील शर्मा ने ‘अमर उजाला’ के माध्यम से सोमवार को बख्शो के घर जाकर 21 हजार की नकद राशि भेंट की।
उनके साथ आए चंडीगढ़ के व्यवसायी अरुण शर्मा ने भी 5 हजार की मदद बख्शो को दी। डा. सुनील शर्मा यूक्रेन स्थित बुकोविनियन स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी में इंटरनेशनल स्टूडेंट काउंसिल के प्रेजिडेंट हैं। उन्होंने होनहार बेटी बख्शो देवी के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने के लिए ‘अमर उजाला’ का धन्यवाद किया है। साथ ही कहा कि वह आगे भी बख्शो देवी की मदद करने के लिए तैयार हैं।
इसके अतिरिक्त हमीरपुर जिले के बड़सर से आए अश्विनी शर्मा, यशपाल, अजीत कंबोज, पंकज ठाकुर और डा. महेंद्र ने 38 हजार की राशि बख्शो देवी को उसके प्रधानाचार्य के माध्यम से दी। चंबा जिले से चंद्रलेखा बड़ोतरा ने 1100 तथा स्नेह पुरी ने 500 रुपये की राशि ‘अमर उजाला’ के माध्यम से दी। मंडी के डा. चिरंजीत परमार ने भी बख्शो के अकाउंट में 5 हजार रुपये की राशि जमा करवाई।