हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में बुधवार को अमर उजाला मेधावी छात्र सम्मान समारोह-2025 का आयोजन किया गया। राज्य अतिथि गृह पीटरहॉफ में हुए समारोह में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की 10वीं और 12वीं की मेरिट सूची में शामिल मेधावियों को सम्मानित किया। दसवीं कक्षा में राज्यभर में टॉप करने वाली साइना ने अपनी सफलता का श्रेय निरंतर अध्ययन और कठिन परिश्रम को दिया है। पालमपुर की राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भवारना की छात्रा साइना ने इस वर्ष बोर्ड परीक्षा में शानदार प्रदर्शन कर न सिर्फ अपने स्कूल और जिले का नाम रोशन किया, बल्कि पूरे प्रदेश के छात्रों के लिए एक मिसाल बन गईं। साइना ने अब नाॅन मेडिकल संकाय चुना है और भविष्य में कंप्यूटर साइंस के क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं। उन्होंने बताया कि पूर्व राष्ट्रपति और महान वैज्ञानिक डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम उनकी सबसे बड़ी प्रेरणा हैं। साइना का सपना है कि वह भविष्य में कंप्यूटर इंजीनियर बनकर देश की सेवा करें। उन्होंने अपने माता-पिता, शिक्षकों और स्कूल को भी अपनी सफलता का श्रेय दिया। कहा कि मेरा मानना है कि लगातार पढ़ाई करना और मेहनत करते रहना ही सफलता का सबसे सरल और प्रभावी मंत्र है। पढ़ाई को बोझ न समझें, बल्कि रुचि और लगातार करें तो हर मुकाम पाया जा सकता है।