रक्तदान को महाअभियान बनाने के लिए बुधवार को यूपी सरकार ने अमर उजाला को सम्मानित किया। स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन ने यहां इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में यूपी स्टेट एड्स कंट्रोल सोसाइटी (यूपीसैक्स) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में यह सम्मान प्रदान किया।
सम्मान पूरे सूबे में अमर उजाला की ओर से आयोजित किए गए रक्तदान शिविरों और जागरूकता कार्यक्रमों के लिए दिया गया । स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के मौके पर भी बुधवार को अमर उजाला ने यहां राममनोहर लोहिया संयुक्त अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया। इसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया।
स्वास्थ्य मंत्री ने रक्तदान को बढ़ावा देने और लोगों को जागरूक करने के लिए अमर उजाला के कार्यों की सराहना की और सम्मानित किया। अमर उजाला केलखनऊ यूनिट में समाचार संपादक शिशिर द्विवेदी ने मंत्री के हाथों से सम्मान ग्रहण किया।
यूपीसैक्स के अधिकारियों ने स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन और राज्यमंत्री नितिन अग्रवाल को बताया कि अमर उजाला की ओर से सभी जिलों में रक्तदान शिविर आयोजित कराए जा रहे हैं। यूपीसैक्स के महानिदेशक आलोक कुमार भी शिविर में रक्तदाताओं से मिले और उनकी हौसला अफजाई की।