हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
शिमला जिला के पुलिस थाना कुमारसैन के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग-पांच नारकंडा के पास बारूबाग में बुधवार सुबह करीब छह बजे एक आल्टो कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चालक की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों का उपचार कुमारसैन अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस से मिली सूचना के अनुसार कार एचपी 83-1476 शिमला से टापरी की ओर जा रही थी। इस दौरान बारूबाग में चालक के नियंत्रण खोने से कार सड़क से करीब 150 मीटर नीचे जा गिरी।
हादसे में कार चालक विक्रम (65) पुत्र दीवान चंद, निवासी गांव नालिया, तहसील कुंडिया, जिला कांगड़ा की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। इसके अलावा शमशेर (46) पुत्र ज्ञानचंद, गांव मुंडल डाकघर नहलिया कांगड़ा, किशोरी (46) पुत्र कूका राम निवासी गांव धरटी डाकघर भागी तहसील खुंदीया कांगड़ा, वकील सिंह (66) पुत्र वैशाखी राज गांव व डाकघर वटावा तहसील खुंदीया कांगड़ा घायल हैं।
इनके अलावा दीपक (16) पुत्र मदन लाल गांव कालरी डाकघर थकलोह तहसील ज्वालामुखी कांगड़ा, संतोष कुमारी (45) पत्नी राम मूर्ति गांव सनेते डाकघर देहरा कांगड़ा घायल हो गए हैं। हादसे की सूचना मिलते ही कुमारसैन पुलिस का दल घटनास्थल पर पहुंचा और घायलों को घटनास्थल से सुरक्षित बाहर निकाला। मामले की पुष्टि थाना प्रभारी कुमारसैन विरोचन नेगी ने की। उन्होंने कहा कि मामले की छानबीन की जा रही है।