गोंदपुर बनेहड़ा में मुख्यमंत्री के साथ कार में बैठने को लेकर दो विधायकों में तू तू-मैं मैं हो गई, जो क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गई। प्रदेश के ऊना जिले के गगरेट में सीएम वीरभद्र सिंह के सामने यह सब हुआ, लेकिन वे भी कुछ बोलने के बजाय चुप रहे। पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के लिए चुनाव प्रचार में जाने के लिए मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर गोंदपुर बनेहड़ा में उतरा था।
जहां से कार में उन्होंने पंजाब के लिए निकलना था। मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए गगरेट के विधायक राकेश कालिया और चिंतपूर्णी से विधायक एवं राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष कुलदीप कुमार समर्थकों सहित उनकी अगवानी के लिए गोंदपुर बनेहड़ा पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि कार में सीएम के साथ बैठने के लिए दोनों विधायकों में हल्की बहस हो गई।