फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: भूकंप के साथ शिमला में अब भूस्खलन, और फ्लैश फ्लड का बड़ा खतरा

विज्ञापन
विज्ञापन
अमर उजाला एक्सक्लूसिव
विज्ञापन

नगर निगम की ओर से करवाए गए मल्टी-हैजार्ड अध्ययन की रिपोर्ट में खुलासा, बनानी होगी नई आपदा नीति
क्रॉसर

बादल फटने, ग्रीन हाउस उत्सर्जन से भी नुकसान का अंदेशा
दस साल की घटनाओं पर आधारित सर्वे ने बढ़ाई चिंता

अशोक चौहान
शिमला। भूकंप की दृष्टि से संवेदनशील राजधानी शिमला में अब भूस्खलन, बादल फटना, फ्लैश फ्लड (अचानक बाढ़ आना), बढ़ती आबादी और ग्रीन हाउस उत्सर्जन का बड़ा खतरा है। जलवायु परिवर्तन के बढ़ते खतरे के बीच शिमला के लिए तैयार की नई क्लाइमेट रिस्क एंड वल्नरेबिलिटी असेसमेंट (सीआरवीए) रिपोर्ट में इसका खुलासा हुआ है।

नगर निगम की ओर से हाल ही में करवाए इस सर्वे में शहर के लिए नई आपदा नीति बनाने का सुझाव दिया है। राजधानी में दस साल की घटनाओं पर आधारित इस रिपोर्ट के अनुसार बादल फटना (क्लाउड ब्रस्ट), फ्लैश फ्लड, भविष्य के जलवायु परिदृश्य, ग्रीनहाउस गैस उत्सर्जन, संवेदनशील आबादी और दीर्घकालिक अनुकूलन क्षमता का समुचित आकलन करना जरूरी है। रिपोर्ट में कहा है कि शिमला भूकंप, भूस्खलन, तेज आंधी, बिजली गिरने और फ्लैश फ्लड जैसी अनेक प्राकृतिक आपदाओं के उच्च जोखिम वाले क्षेत्र में स्थित है। तेजी से हो रहे शहरीकरण और जलवायु परिवर्तन के कारण इन खतरों का प्रभाव बढ़ रहा है।
विज्ञापन

नगर निगम ने इससे पहले साल 2016 में शिमला शहर के लिए इस तरह का सर्वे करवाया था, उस रिपोर्ट में सिर्फ भूकंप, बर्फबारी और ओलावृष्टि को ही शिमला के लिए खतरा माना गया था। इसमें भूस्खलन को भी एक खतरा बताया था लेकिन 2026 में किए सर्वे में भूस्खलन को आपदा का बड़ा कारण माना है। साथ ही पहली बार बादल फटने और फ्लैश फ्लड, बढ़ती आबादी तथा ग्रीन हाउस उत्सर्जन को भी प्रमुख खतरे के रूप में शामिल किया है।




रिपोर्ट में दिए हैं यह सुझाव
नई रिपोर्ट में नगर निगम को शहर का केंद्रीकृत क्लाइमेट डाटाबेस तैयार करने, सभी सरकारी परिसंपत्तियों और संवेदनशील आबादी की डिजिटल मैपिंग करने, जल स्रोतों, पर्यटन और पारिस्थितिकी तंत्र की संवेदनशीलता का अलग-अलग अध्ययन करने और मास्टर प्लान तथा भवन उपनियमों में जलवायु जोखिम को शामिल करने की सिफारिश की है। रिपोर्ट में तीन चरणों तत्काल, मध्यम अवधि और दीर्घकालिक की कार्य योजना भी सुझाई है। इसमें रियल-टाइम क्लाइमेट मॉनिटरिंग नेटवर्क, वार्षिक जोखिम मूल्यांकन, राज्य स्तर पर समन्वय और वैज्ञानिक आंकड़ों के आधार पर नीति निर्माण को प्राथमिकता देने की बात कही है। नगर निगम ने जर्मन एजेंसी जीआईजेड से यह अध्ययन सर्वे करवाया है। नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त डॉ. भुवन शर्मा ने कहा कि इस बार की मल्टी-हजार्ड सर्वे रिपोर्ट में फ्लैश फ्लड, क्लाउडब्रस्ट, बढ़ती आबादी को भी शामिल किया गया है। नगर निगम का प्रयास है कि इसके अनुसार आगामी नीतियां तैयार हों ताकि इनसे शहर को कम नुकसान पहुंचे।


शहर के संवेदनशील इलाके
कृष्णानगर, शिव बावड़ी, फागली, लोअर कैथू, अपर कैथू, समरहिल, बालूगंज, टूटीकंडी, संजौली, ढली, भराड़ी, जाखू की कुछ ढलानें, नवबहार के कुछ हिस्से प्राकृतिक आपदाओं के हिसाब से संवेदनशील इलाकों में शामिल हैं। इन क्षेत्रों के संवेदनशील होने का मुख्य कारण खड़ी ढलानें, कमजोर भूगर्भीय संरचना, अनियोजित निर्माण, कटिंग और ड्रेनेज की खराब व्यवस्था, भारी वर्षा के दौरान जमीन का खिसकना मुख्य है।
विज्ञापन




शहर में हर साल धंस रही जमीन
शहर में बीते कुछ सालों से भूस्खलन की घटनाएं बढ़ी हैं। वर्ष 2023 में समरहिल के शिव बावड़ी, कनलोग-बैम्लोई सड़क, कृष्णानगर, फागली, अपर ढली आदि इलाकों में भूस्खलन से भारी नुकसान हो चुका है। वर्ष 2025 में बैनमोर, कृष्णानगर, हिमलैंड, पंथाघाटी और न्यू शिमला जैसे इलाकों में जमीन धंस चुकी है। आबादी बढ़ने के कारण बढ़ रहे निर्माण, अवैज्ञानिक खोदाई से नुकसान हुआ है। बढ़ते शहरीकरण से कई इलाकों की सतह का तापमान भी दस साल में 2.5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ चुका है। बारिश से अचानक शहर के कई नाले उफान पर आ रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें