मिठाई के डिब्बे पर लगाना होगा बेस्ट बिफोर डेट का स्टीकर, गुणवत्ता जांच के लिए सैंपल लेने के भी निर्देश
विज्ञापन
दीपावली की तैयारियों को लेकर डीसी ने जारी किए निर्देश अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में त्योहारी सीजन के दौरान बिकने वाली मिठाइयों पर कारोबारियों को एक्सपायरी डेट लगाना अनिवार्य होगा। जिला प्रशासन ने इस बारे में निर्देश जारी कर दिए हैं। सभी मिठाई के डिब्बों पर बेस्ट बिफोर डेट (यह तारीख बताती है कि उस तारीख तक उत्पाद सबसे अच्छे स्वाद और गुणवत्ता में रहेगा) लगाने के निर्देश जारी किए हैं।
दीपावली की तैयारियों को लेकर उपायुक्त अनुपम कश्यप ने शनिवार को एसडीएम के साथ बैठक की। इसमें त्योहारी सीजन के दौरान मिठाइयों की बिक्री को लेकर बाजारों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। खाद्य आपूर्ति विभाग की टीम थोक और परचून की मिठाई दुकानों में निरीक्षण करेगी। मिठाइयों में इस्तेमाल हो रही सामग्री की गुणवत्ता मानकों के हिसाब से जांची जाएगी। यदि कोई भी खाद्य सामग्री घटिया किस्म की पाई गई तो दुकानदार पर कार्रवाई होगी। मिठाई के डिब्बों पर बेस्ट बिफोर डेट, सही लेबलिंग और सही पैकेजिंग होना अनिवार्य है। शहर में ज्यादातर कारोबारी मिठाइयों में एक्सपायरी डेट नहीं लगाते जिससे लोगों को पता नहीं चलता कि कौन सी मिठाई कितनी बासी है। संबंधित विभाग को दूध पनीर, मिठाइयों में मिलावटी उत्पादों की जांच के भी निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
मुख्य चिकित्सा अधिकारी सभी अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करेंगे। बैठक में दिशा-निर्देश दिए गए कि दुकानों में 100 किलोग्राम से अधिक सिलेंडर स्टोर किए गए तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए सभी एसडीएम को बाजारों में अवैध सिलेंडर की स्टोरेज का भी औचक निरीक्षण करने को कहा है। सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि त्योहारी सीजन के चलते प्रशासन की ओर से जो भी आदेश या अधिसूचना जारी होगी, उसे तुरंत पंचायत स्तर तक व्हाट्सएप ग्रुप में साझा करें ताकि इन्हें लागू किया जा सके।
पटाखों की बिक्री पर नजर रखेंगे एसडीएम
दुकानदारों को बिना लाइसेंस के पटाखे बेचने की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए एसडीएम पटाखों की बिक्री को लेकर बाजारों का औचक निरीक्षण करेंगे। पटाखे जिन स्टोर में रखे जाएंगे, उनका निरीक्षण भी किया जाएगा। पटाखों की बिक्री के लिए स्थानीय प्रशासन संवेदनशील और अति संवेदनशील स्थानों का चयन करेगा। त्योहारी सीजन में कानून व्यवस्था की रिपोर्ट रोजाना भेजनी होगी। जिला में मात्र दो लाइसेंस धारक हैं। बिना लाइसेंस बिक्री करने पर कार्रवाई होगी। बैठक में एडीसी दिव्यांशु सिंघल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रत्न नेगी सहित सभी एसडीएम मौजूद रहे।