अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और ठियोग के विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने केंद्र सरकार से कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की सुरक्षा कड़ी करने और उनके परिवार को एसपीजी सुरक्षा बहाल करने की मांग की है। कहा कि वह इस संदर्भ में एक पत्र देश के गृह मंत्री अमित शाह को भी लिख रहे हैं। विदेश में बैठा एक खालिस्तान समर्थक अलगाववादी नेता जिस प्रकार से राहुल गांधी, प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू सहित कांग्रेस विधायकों को धमकियां दे रहा है, वह बहुत ही चिंता की बात है।
बुधवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में पत्रकारों से बातचीत में कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी भी आतंकवादियों की साजिश का शिकार हुए हैं। केंद्र सरकार को अलगाववादी नेता की धमकियों को गंभीरता से लेने की जरूरत है। इस प्रकार की धमकियां देश की सुरक्षा व्यवस्था को खुली चुनौती हैं। खुफिया एजेंसियों को इस पर तुरंत कार्रवाई करनी चाहिए।
पिछले साल धर्मशाला में विधानसभा परिसर में खालिस्तान समर्थक प्रदेश के अस्तित्व को चुनौती देने का दुस्साहस कर चुके हैं। राठौर ने कहा कि राहुल गांधी 19 जनवरी को कांगड़ा आएंगे। उनकी सुरक्षा में किसी भी प्रकार की कोई ढील नहीं बरती जाएगी। इसके बाद उन्हें जम्मू-कश्मीर जाना है। ऐसे में उनकी सुरक्षा कड़ी करने की जरूरत रहेगी।