पत्रकार वार्ता में अलका लांबा।
- फोटो : संवाद
कांग्रेस की मीडिया प्रभारी अलका लांबा ने कहा कि भाजपा में तीन तरह के लोग जा रहे हैं। पहला वे जो बेरोजगारी और महंगाई समेत जनता के मुद्दों पर संघर्ष नहीं करना चाहते। दूसरे वे जो पैसे के लालच में जा रहे हैं। तीसरे वे जो भ्रष्टाचार में संलिप्त रहे और सुबूत भाजपा के पास हैं। जेल जाने के बजाय वह भाजपा में जा रहे हैं।
बुधवार को हमीरपुर में पत्रकार वार्ता में कहा कि अलका ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष हर्ष महाजन पार्टी के वरिष्ठ नेता थे। अगर पता होता कि वह कांग्रेस छोड़ रहे हैं तो उनके लिए विदाई समारोह रख लेते। वह क्यों गए, यह तो हर्ष महाजन और भाजपा ही बता सकती है। सत्ता के लालच में भाजपा में जाने वालों को शुभकामनाएं। अलका ने कहा कि क्यों ज्वाइनिंग के लिए महाजन को दिल्ली जाना पड़ा। ज्वाइनिंग के दौरान हिमाचल भाजपा का एक भी नेता उपस्थित नहीं हुआ।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर को राजनीतिक पर्यटक बताया। कहा कि वह लोगों को डरा-धमका कर भाजपा में शामिल करवाकर मोदी के सामने अपने नंबर बनाना चाहते हैं, लेकिन हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में उनके नंबर कम होते जा रहे हैं। अगर उन्होंने विकास की तरफ ध्यान दिया होता तो 2017 के चुनावों में हमीरपुर की पांच में से तीन सीटें भाजपा नहीं हारती। उपचुनावों में भी हार का सामना नहीं करना पड़ता।
ऊना से हमीरपुर ट्रेन के लिए अनुराग महज एक हजार रुपये केंद्र से लाए हैं। कहा कि जयराम कठपुतली मुख्यमंत्री हैं। वह केवल केंद्र के इशारे पर काम कर रहे हैं। उनकी प्रशासनिक पकड़ बहुत कमजोर है। हिमाचल से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा और अनुराग ठाकुर चुनकर भेजे गए हैं, लेकिन दोनों हिमाचल के हितों की पैरवी नहीं कर पाए।
इस बार सुजानपुर रहेगा राजनीतिक भूकंप का केंद्र
अलका लांबा ने कहा कि इस बार सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र राजनीतिक भूकंप का मुख्य केंद्र रहेगा। पिछली बार भी कांग्रेस प्रत्याशी ने यहां से दो बार मुख्यमंत्री रहे धूमल को चुनाव में हराया था। इस बार भी इतिहास रचेंगे। कहा कि भाजपा के दो भाई, ईडी और सीबीआई। देश को दो लोग बेच रहे हैं और दो लोग खरीद रहे हैं।