हिमाचली गबरू अजय ठाकुर की अगुवाई में भारतीय कबड्डी टीम दूसरी बार विदेश दौरे पर जाएगी। दुबई में होने वाली मेन फॉर कबड्डी मास्टर्स के भारतीय कबड्डी फेडरेशन ने टीम का चयन किया है। इसकी कमान हिमाचल के कबड्डी खिलाड़ी अजय ठाकुर संभालेंगे। प्रतियोगिता 22 से 30 जून तक दुबई में आयोजित की जाएगी।
इससे पहले भारत की कबड्डी टीम अजय ठाकुर की अगुवाई में ईरान गई थी और एशियन कबड्डी चैंपियनशिप पर कब्जा किया था। एक साल में यह पहला मौका है, जब फेडरेशन ने अजय ठाकुर की अगुवाई में टीम विदेशी धरती पर होने वाली प्रतियोगिता के लिए भेजने का फैसला लिया है।
भारतीय कबड्डी टीम में अजय ठाकुर के अलावा गिरीश मारुति और ऋशंक कृष्ण (महाराष्ट्र), सुरेंद्र व संदीप (हरियाणा), मोहित चिल्लर व मंजीत चिल्लर (भारतीय रेलवे), राहुल चौधरी (उत्तर प्रदेश), राजू लाल चौधरी और दीपक (राजस्थान), प्रदीप (उत्तराखंड), सुरजीत, मोनू और रोहित कुमार (एसएससीबी) को शामिल किया गया है।
वहीं, टीम के साथ नेशनल कोच बलवान सिंह सहित कोच रामबीर सिंह, राम मेहर सिंह और श्रीनिवास रेड्डी जाएंगे।