नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र की मलां पंचायत के उपरली मझेठली गांव के अजय भारद्वाज ने भारतीय थल सेना में लेफ्टिनेंट का पद प्राप्त किया है। अजय ने 10 जून को ऑफिसर ट्रेनिंग अकादमी गया (बिहार) से कमीशन प्राप्त कर यह पद प्राप्त किया। अजय अब बतौर अधिकारी सेना की बंगाल इंजीनियरिंग में सेवाएं देंगे।
शादीशुदा अजय भारद्वाज दो बेटियों आरुषि और अनन्या के पिता हैं। उनके पिता नानक सिंह रेलवे से सेवानिवृत्त हैं। उनकी माता चंपा देवी और पत्नी रजनी भारद्वाज गृहिणी हैं। अजय ने बताया कि उन्होंने जमुना नगर से बीएससी बीएड तक की शिक्षा ग्रहण करने के बाद भारतीय सेना की सेना शिक्षा कोर में अपनी सेवाएं शुरू कीं।
लेकिन, उनका ध्येय सेना में अधिकारी पद प्राप्त करना था। अपने परिजनों की प्रेरणा से उनका भारतीय सेना में अधिकारी बनने का सपना पूरा हुआ। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता पिता, पत्नी और परिजनों को दिया है।