तीन माह बाद पर्यटन की दृष्टि से दो प्रमुख शहरों के बीच हवाई सेवा शुरू हुई है। बीते चार दिसंबर से बंद भुंतर-चंडीगढ़ हवाई सेवा फिर शुरू हो गई है। मंगलवार को पहली उड़ान में भुंतर से 18 यात्रियों ने उड़ान भरी जबकि चंडीगढ़ से 16 यात्री भुंतर पहुंचे।
उड़ानें शुरू होने से कुल्लू-मनाली के पर्यटन कारोबारी गदगद हैं। समर सीजन शुरू होने से पहले एयर इंडिया की उड़ान घाटी के पर्यटन को पंख लगाएगी। कुल्लू-मनाली पर्यटन विकास मंच के अध्यक्ष अनूप राम ठाकुर, होटल एसोसिएशन मनाली के अध्यक्ष गजेंद्र ठाकुर, विवेक सूद, देवेंद्र नेगी, चमन सिंह, दौलत
भारती और अनिल शर्मा ने कहा कि विंटर सीजन में नुकसान के बाद अब पर्यटन कारोबारियों को समर सीजन से बड़ी उम्मीदें हैं। उधर, भुंतर हवाई अड्डे के निदेशक एए अंसारी ने कहा कि शेड्यूल के तहत मंगलवार को दिल्ली-भुंतर को हुई एयर इंडिया के एटीआर-72 की उड़ान 9:40 बजे चंडीगढ़ के लिए हुई जिसमें 18 यात्री गए। चंडीगढ़ से 16 यात्रियों ने भुंतर हवाई अड्डे में लैंडिंग की।