कुल्लू-मनाली एयरपोर्ट से उड़ान योजना के तहत भुंतर से चंडीगढ़ के लिए हवाई सेवा का शुभारंभ वीरवार को हुआ। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा व जयंत सिन्हा ने भुंतर एयरपोर्ट से एयर इंडिया के 72 सीटर विमान को हरीझंडी दिखाकर उड़ान का विधिवत शुभारंभ किया।
नौ अक्तूबर से सप्ताह में छह दिन 72 सीटर विमान भुंतर हवाई अड्डे से चंडीगढ़ के लिए उड़ान भरेगा। पांच हजार रुपये फिक्स किराया देकर मात्र 25 मिनट में लोग कुल्लू से चंडीगढ़ पहुंच सकेंगे। दिल्ली से सुबह भुंतर लैंड करने के बाद एयर इंडिया का विमान चंडीगढ़ जाएगा। चंडीगढ़ से भुंतर और फिर दिल्ली के लिए उड़ेगा।
उड़ान योजना के दूसरे चरण के तहत भुंतर एयरपोर्ट से इस सेवा का शुभारंभ किया। चंडीगढ़ रवाना हुए जहाज में कुल 31 लोग सवार हुए। पहले चरण में शिमला से दिल्ली के लिए मात्र 2500 रुपये में हवाई सेवा शुरू हो चुकी है। भुंतर एयरपोर्ट में आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री
जेपी नड्डा ने कहा कि हिमाचल में हवाई संपर्क में सुधार की दिशा में यह एक और कदम है। यह फ्लाइट चलने से सपना साकार हुआ है। अब आम नागरिक भी हवाई सेवा का लाभ ले रहा है। 22 हजार रुपये से किराया सीधे पांच हजार रुपये तक आ गिरा है। कहा कि भुंतर एयरपोर्ट की तस्वीर बदलेगी।
अब नियमित तौर पर होगी उड़ानें
वहीं, केंद्रीय राज्य उड्डयन मंत्री जयंत सिन्हा ने कहा कि पूर्व में भुंतर एयरपोर्ट से नियमित तौर पर उड़ाने नहीं हो रही थी जिन्हें नियमित किया गया। हफ्ते में छह दिन नियमित फ्लाइट शुरू की गई, लेकिन पर्यटन के लिहाज से यह कम थी। पर्यटन को देखते हुए कुल्लू-चंडीगढ़ के बीच हवाई सेवा शुरू की गई है।
सांसद रामस्वरूप शर्मा ने भुंतर एयरपोर्ट से चंडीगढ़ को हवाई सेवा शुरू करने पर केंद्रीय मंत्रियों का आभार जताया और केंद्रीय नीतियों का खूब बखान किया। इस अवसर पर विधायक गोविंद ठाकुर, भाजपा प्रदेश महामंत्री राम सिंह, जिला अध्यक्ष भीम सेन, जिप अध्यक्ष रोहिणी चौधरी, नीना राणा, डीसी युनूस, एसपी शालिनी अग्निहोत्री, एसडीएम सन्नी शर्मा मौजूद रहे।
हर दिन हर पल परीक्षा न लें : जेपी नड्डा
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कहा कि क्षण में खुश तो क्षण में नाराज, यह क्षण-क्षण छोड़ दो। हर दिन नेताओं की ताकत को मत देखें। आने वाले समय में सरकार इंस्टॉलमेंट की जगह लंबी अवधि वाली बनाएं। भाजपा सरकार ने हिमाचल की तस्वीर बदल दी है, लेकिन हर दिन हर पल हमारी परीक्षा मत लो।