दो अप्रैल से शुरू हो रही एयर डेक्कन की चार्टर्ड विमान सेवा से पर्यटन कारोबार को उम्मीदों के पंख लगने वाले हैं।
एयर इंडिया की उड़ानें बंद होने के कारण घाटी में हाई प्रोफाइल पर्यटकों के न आने से पर्यटन कारोबार फिलहाल बैकफुट पर चल रहा है। सोमवार दोपहर को एयर डेक्कन का 8 सीटर विमान बंगलूरू से दिल्ली पहुंचा।
मंगलवार को एयरक्राफ्ट भुंतर एयरपोर्ट पर लैंड करेगा। इस बीच, एयर डेक्कन स्टाफ ने भुंतर एयरपोर्ट पर कामकाज संभाल लिया है।
समर सीजन के दौरान भुंतर एयरपोर्ट से उड़ान से कुल्लू-मनाली के 1200 होटलियरों, 2200 टैक्सी चालकों और इस कारोबार से जुड़े सैकड़ों लोगों को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
हिमालयन बुल्स प्राइवेट लिमिटेड मनाली ने यह सेवा शुरू की है।
डेक्कन से छह माह का करार
भुंतर-चंडीगढ़ के बीच इस सेवा को लेकर कंपनी का एयर डेक्कन से छह माह का करार हुआ है।
हिमालयन बुल्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक बुद्धि प्रकाश ठाकुर तथा पंकज बख्शी ने कहा कि करार के तहत एयरक्राफ्ट छह माह तक सेवाएं देगा।
करीब आठ हजार होगा किराया
भुंतर-चंडीगढ़ के बीच होने वाली एयर डेक्कन के एयरक्राफ्ट का किराया करीब आठ हजार रुपये होगा।
कंपनी के मुताबिक चार्टर्ड विमान सेवा को शुरू करने का मकसद घाटी के पर्यटन को बढ़ावा देना है।
दिन में तीन उड़ान भरेगा एयरक्राफ्ट
बुल्स प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक बुद्धि सिंह ठाकुर ने बताया कि एक अप्रैल को चार्टर्ड विमान भुंतर पहुंचेगा।
दो अप्रैल से नियमित सेवा शुरू होगी। समर सीजन के चलते एयरक्राप्ट भुंतर-चंडीगढ़ के बीच रोजाना तीन उड़ान भरेगा।
बावजूद मांग अधिक रहने पर अतिरिक्त उड़ानें भी करवाई जाएंगी।
मनाली होटलियर्स एसोसिएशन के प्रधान अनूप राम ठाकुर ने कहा कि निश्चित तौर से एयरक्राफ्ट से मनाली के पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।