स्वास्थ्य मंत्री विपिन सिंह परमार ने कहा कि बिलासपुर में बन रहे एम्स का कार्य युद्ध स्तर पर चला हुआ है। इसी वर्ष अक्तूबर तक यहां ओपीडी सुविधा शुरू कर दी जाएगी जिसका लाभ प्रदेश के लोगों को मिलेगा। परमार बिलासपुर में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि राज्य में लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया करवाने के राज्य सरकार हर संभव प्रयास कर रही है लेकिन सूबे में डॉक्टरों की कमी पूरा करने के लिए अभी थोड़ा समय और लगेगा। कहा कि प्रदेश में अब छह मेडिकल कॉलेज शुरू होग हैं।
आने वाले चार साल बाद हर साल प्रदेश में 750 नए डॉक्टर तैयार होंगे जिससे प्रदेश में डॉक्टरों की कमी दूर होगी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि प्रदेश में डॉक्टर साक्षात्कार और कमीशन से रखे जा रहे हैं। डॉक्टर तय समय से पहले नौकरी छोड़ कर न जाएं इसके लिए 40 लाख की बैंक गारंटी रखी गई है।
उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार ने बिना किसी योजना के स्वास्थ्य संस्थान खोल दिए थे जिस कारण अब लोगों को परेशानियों कार सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अब आने वाले समय में जल्द ही सहारा योजना और जीवन धारा योजना को लांच करने जा रही है।
सहारा योजना के तहत जहां विभिन्न बीमारियों के ग्रस्त लोगों को दो हजार रुपये हर महीने सरकार की ओर से दिए जाएंगे। वहीं, जीवन धारा योजना के तहत स्वास्थ्य विभाग की वैन विभिन्न पीएचसी में जा कर लोगों के टेस्ट करेगी और निशुल्क दवाइयां देगी।
कहा कि जल्द ही दोनों योजनाएं लांच कर दी जाएगी। इस मौके पर सदर के विधायक सुभाष ठाकुर, झंडूता के विधायक जेआर कटवाल और घुमारवीं के विधायक राजेंद्र गर्ग उनके साथ मौके पर मौजूद रहे।