पीएम नरेंद्र मोदी अपनी सरकार के पहले कैबिनेट विस्तार के बाद विरोधी दलों के निशाने पर आ गए हैं। कुछ विवादित चेहरों और कुछ के मंत्रालय बदले जाने को लेकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने पीएम साहित एनडीए सरकार पर हमला बोल दिया है।
उनका आरोप है कि पीएम दागियों को संरक्षण दे रहे हैं। आप ने नड्डा को स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने पर भी सवाल उठाया है। इसके बाद पीएम के बचाव में उतरे वित्त मंत्री अरुण जेटली और भाजपा ने विपक्ष के आरोपों को खारिज कर दिया।
आम आदमी पार्टी ने जेपी नड्डा को मंत्रिमंडल में शामिल कर स्वास्थ्य मंत्री बनाए जाने को एम्स के सीवीओ संजीव चतुर्वेदी को पद से हटवाने का उपहार करार दिया है।
तो वहीं, कांग्रेस पार्टी ने वाईएस चौधरी, रामशंकर कठेरिया और गिरिराज सिंह को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधा है। कांग्रेस का आरोप है कि संसद को दागियों से मुक्त कराने की बात करने वाले पीएम मोदी अपने मंत्रिमंडल को ही दागियों से मुक्त नहीं कर पा रहे हैं।