प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित धर्मशाला दौरे की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सोमवार को एसपीजी के एआईजी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर धर्मशाला का दौरा किया। उन्होंने एचपीसीए के इंडोर प्रैक्टिस एरिया धर्मशाला सहित अन्य क्षेत्रों का भी जायजा लिया।
जून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित धर्मशाला दौरे की तैयारियां शुरू हो गई हैं। सोमवार को एसपीजी के एआईजी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर धर्मशाला का दौरा किया। उन्होंने एचपीसीए के इंडोर प्रैक्टिस एरिया धर्मशाला सहित अन्य क्षेत्रों का भी जायजा लिया। इसके बाद जिला प्रशासन के साथ प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे की तैयारियों को लेकर समीक्षा की। गौरतलब है कि 16 से 18 जून तक एचपीसीए स्टेडियम में देशभर के मुख्य सचिवों की बैठक प्रस्तावित है।
विज्ञापन
इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी आएंगे। दिल्ली से धर्मशाला पहुंचे एसपीजी अधिकारी ने सीधे एचपीसीए स्टेडियम का रुख किया। पीएम के धर्मशाला दौरे से पहले एसपीजी ने संबंधित स्थल का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उपायुक्त डॉ. निपुण जिंदल, पुलिस अधीक्षक डॉ. खुशहाल शर्मा भी मौजूद रहे। दूसरी ओर, नीति आयोग की सलाहकार संयुक्ता ने भी एचपीसीए स्टेडियम का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया।
साई मैदान में उतर सकता है पीएम का हेलिकॉप्टर
पीएम मोदी का हेलिकॉप्टर साई मैदान धर्मशाला के मैदान में उतारा जा सकता है। इस मैदान से एचपीसीए स्टेडियम की दूरी करीब 200 मीटर है। इससे पहले धर्मशाला में हुई इन्वेस्टर्स मीट के दौरान भी साई मैदान में पीएम के हेलिकॉप्टर की सफल लैंडिंग हुई थी।