अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय सचिव और जम्मू-कश्मीर के प्रभारी सुधीर शर्मा ने कहा कि जम्मू-कश्मीर संवेदनशील राज्य है। इसलिए वहां पर शीघ्र विधानसभा चुनाव होने चाहिए। धर्मशाला में सवाल के जवाब में कहा कि जम्मू-कश्मीर देश की सुरक्षा की दृष्टि से महत्वपूर्ण राज्य है। इसलिए वहां पर स्थायी सरकार होना बहुत जरूरी है।
कांग्रेस केंद्रीय चुनाव आयोग से मांग करती है कि वह जम्मू-कश्मीर में शीघ्र विधान सभा चुनावों की घोषणा करे। उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में पंचायतों और स्थानीय निकाय के चुनाव चल रहे हैं। लोगों में चुनावों को लेकर उत्साह है। ऐसे में चुनाव आयोग को शीघ्र विस चुनावों की घोषणा करनी चाहिए।
जम्मू-कश्मीर में राजनीतिक अस्थिरता के कारण पिछले करीब छह माह से स्थायी सरकार नहीं है। इससे जनता को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसलिए राज्य में शीघ्र चुनाव होना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में पूर्व में पीडीपी के साथ गठबंधन कर भाजपा ने सरकार तो बना ली। लेकिन, राज्य के लोगों की समस्याओं को हल करने में नाकाम रही। राज्य की जनता का भाजपा से मोह भंग हो गया है।