शिमला जिले के रामपुर के साथ लगते पृथी मिलिट्री स्टेशन अवेरी में थल सेना के लिए अग्निवीर भर्ती बुधवार से शुरू हो गई है। 21 अक्तूबर तक चलने वाली इस भर्ती प्रक्रिया में चार जिलों के करीब 17,000 युवा भाग ले रहे हैं।
हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर के साथ लगते पृथी मिलिट्री स्टेशन अवेरी में थल सेना के लिए अग्निवीर भर्ती बुधवार से शुरू हो गई है। 21 अक्तूबर तक चलने वाली इस भर्ती प्रक्रिया में चार जिलों के करीब 17,000 युवा भाग ले रहे हैं। भर्ती के पहले दिन सोलन जिले से आए हुए 1,742 उम्मीदवारों ने ग्राउंड टेस्ट में भाग लिया। इनमें से 241 अभ्यर्थी ही ग्राउंड पास कर पाए। वीरवार को सोलन और सिरमौर जिले के युवाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया होगी। भर्ती को लेकर युवाओं में खासा उत्साह है। भर्ती में हिस्सा लेने के लिए युवा रात को ही रामपुर पहुंच गए थे। केंद्र सरकार की अग्निपथ योजना में अग्निवीरों का चयन करने के लिए 12 अक्तूबर से भारतीय सेना भर्ती कार्यालय शिमला की ओर से भर्ती करवाई जा रही है।
विज्ञापन
भर्ती प्रक्रिया के नोडल अधिकारी का जिम्मा एसडीएम रामपुर सुरेंद्र मोहन को सौंपा गया है। एसडीएम सुरेंद्र मोहन ने बताया कि अवेरी स्थित पृथी मिलिट्री स्टेशन अवेरी में बुधवार से अग्रिवीर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन सोलन जिले की अर्की, बदी, दाड़लाघाट, कंडाघाट, कसौली, कृष्णगढ़, कुनीहार, मामलीग, पंजेहरा और परवाणु तहसीलों से आए हुए कुल 1,742 उम्मीदवारों ने भर्ती प्रक्रिया में भाग लिया, जिसमें ग्राउंड टेस्ट 241 उम्मीदवारों ने पास किया। इन उम्मीदवारों की वीरवार को चिकित्सा जांच होगी। प्रशासन की तरफ से उम्मीदवारों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया है। 13 अक्तूबर को सोलन जिले की नालागढ़, रामशहर तहसील और सिरमौर जिले की तहसील ददाहू, हरिपुरधार, नारग, पजोहता और माजरा से 3,000 उम्मीदवारों की भाग लेने की संभावना है।