भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के बीच धर्मशाला दौरे के दौरान लंबे अरसे के बाद गजब की जुगलबंदी दिखी। नड्डा के स्वागत के लिए प्रेम कुमार धूमल पंक्ति में सबसे आगे खड़े थे। इस अभिनंदन के बाद नड्डा ने प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में कई बार धूमल की तारीफ की। अटल टनल पर नड्डा ने बताया कि कैसे उस वक्त दोनों इस प्रोजेक्ट के लिए एक साथ मेहनत करते थे। नड्डा ने धूमल के साथ प्रदेश संगठन महामंत्री पवन राणा और प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप की भी खूब
तारीफ की।
वहीं, नड्डा ने बिना नाम लिए कुछ नेताओं की खिंचाई भी की। हालांकि, मिशन रिपीट के लिए उन्होंने पदाधिकारियों में जोश भी भरा। संदेश के जरिये नाराज नेताओं से उन्होंने कहा कि अकेले चलने से राह नहीं मिलती है। उनको आत्म आकलन करना चाहिए। अपने गृह राज्य को लेकर चिंतित नड्डा ने सुबह एयरपोर्ट में नाश्ते पर करीब एक घंटे तक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप सहित कुछ अन्य नेताओं से अकेले में लंबी बातचीत की। होटल में भाषण देने के बाद नड्डा ने दोबारा शीर्ष नेताओं के साथ अलग-अलग बात कर मिशन रिपीट को लेकर रिपोर्ट ली। इस दौरान नड्डा ने कुछ नाराज नेताओं की पीड़ा भी
सुनी।
धर्मशाला आकर नड्डा ने पदाधिकारियों को साफ संदेश दिया कि पंचायतों में जीत के बाद अब प्रदेश के नगर निगम चुनावों में जीतना है। इन दो जीत के साथ विधानसभा का मिशन रिपीट आसान होगा। ग्राम से विधानसभा नारे को जमीन पर लाने को नड्डा ने प्राथमिकता बताया।
नेताओं में दिखा सियासी संघर्ष
राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार कांगड़ा पहुंचे जेपी नड्डा के स्वागत में नेताओं के बीच सियासी संघर्ष भी खूब दिखा। एयरपोर्ट के बाहर फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से कृपाल परमार और बलदेव ठाकुर के समर्थकों के बीच नारेबाजी के दौरान हल्की गहमागहमी भी हो गई। समर्थकों के जरिये कई नेता अपना-अपना सियासी प्रदर्शन करते हुए भी दिखे। कई नेताओं ने तो नड्डा की फोटो की टी शर्ट तक बांटीं।