बस स्टैंड मार्ग के फुटपाथ पर वाहनों, रेहड़ियों और विज्ञापन बोर्डों का कब्जा
पुलिस ने किए चालान, कार्रवाई से मचा हड़कंप
संवाद न्यूज एजेंसी
घुमारवीं (बिलासपुर)। बस स्टैंड मार्ग पर इलेक्ट्रिक बस की चपेट में आने से युवक की मौत के बाद बुधवार को घुमारवीं प्रशासन हरकत में आया। लंबे समय से अतिक्रमण की समस्या से जूझ रहे इस मार्ग पर प्रशासनिक टीम ने दबिश देकर फुटपाथ का निरीक्षण किया। इस दौरान जगह-जगह अवैध कब्जे देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए।
कहीं दोपहिया वाहन खड़े थे तो कहीं रेहड़ियों और दुकानों के विज्ञापन बोर्डों ने फुटपाथ को घेर रखा था। प्रशासन ने अतिक्रमणकारियों को एक दिन के भीतर कब्जे हटाने की चेतावनी दी है। इसके बाद भी कब्जे नहीं हटाए गए तो नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नायब तहसीलदार मनजीत ठाकुर और नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी खेम चंद वर्मा की अगुवाई में राजस्व विभाग और नगर परिषद के अधिकारियों व कर्मचारियों की टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस बल भी मौजूद रहा। टीम ने बस स्टैंड मार्ग के दोनों ओर फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण का जायजा लिया।
निरीक्षण में सामने आया कि पैदल चलने वालों के लिए बनाए गए फुटपाथ पर निजी वाहनों की पार्किंग, रेहड़ियों और दुकानों के प्रचार बोर्डों का कब्जा है। कई दुकानदारों ने अपना सामान भी फुटपाथ पर सजा रखा है। इससे राहगीरों के लिए पैदल चलने की जगह तक नहीं बची है।प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर खड़े कुछ वाहनों के चालान भी किए। अचानक हुई इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि फुटपाथ आम लोगों की आवाजाही के लिए बनाए गए हैं। इन पर किसी भी तरह का निजी कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अतिक्रमणकारियों को एक दिन का समय दिया गया है, ताकि वे स्वयं अपना सामान और वाहन हटा लें।
बताते चले कि बीते बुधवार को इसी मार्ग पर इलेक्ट्रिक बस के टायर के नीचे आने से एक युवक की मौत हो गई थी। हादसे का एक बड़ा कारण फुटपाथ पर अतिक्रमण का भी सामने आया था। क्योंकि बस स्टैंड को शहर के मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली यह सड़क पहले ही संकरी है। यहां से बसों का आवागमन होता है और दो बसों को एक-दूसरे को पास देने में भी परेशानी होती है। ऐसे में फुटपाथ पर कब्जे होने के कारण पैदल चलने वाले लोगों को सड़क पर उतरकर चलना पड़ता है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है। इस मार्ग पर अतिक्रमण हटाने के लिए पहले भी अभियान चलाया जा चुका है, लेकिन कुछ समय बाद दोबारा कब्जे हो गए। अब युवक की मौत के बाद प्रशासन ने कार्रवाई तो शुरू कर दी है, लेकिन असली चुनौती फुटपाथ को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने की होगी। एक दिन की मोहलत के बाद प्रशासन क्या कदम उठाता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।
कोट
एसडीएम घुमारवीं अभिषेक बरवाल ने बताया कि अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन कार्रवाई जारी रहेगी। अतिक्रमणकारियों को समय दिया गया है, ताकि वे स्वयं अपना सामान और वाहन हटा लें।