एंबुलेंस वाहनों में चेन और क्यूआरटी के लिए फोर बाई फोर गाड़ियों का होगा प्रबंध
क्रासर
शहर को पांच सेक्टरों में बांटकर चलेगी व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। बर्फबारी से निपटने के लिए प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। डीसी आदित्य नेगी ने बुधवार को समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को ड्यूटी सुनिश्चित कर बर्फबारी से निपटने के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने बताया कि शहरवासियों को बर्फबारी के दौरान किसी प्रकार की कठिनाइयों का सामना ना करना पड़े, इसके लिए शहर को पांच सेक्टरों में बांटा है। उन्होंने बर्फबारी के दौरान पर्यटकों एवं आवश्यकतानुसार बचाव कार्यों के लिए पुलिस दल की तैनाती करने और चेन युक्त गाड़ियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कहा कि एंबुलेंस के लिए चेन और क्यूआरटी के लिए फोर बाई फोर गाड़ियों का भी प्रबंध किया जाएगा। लोनिवि बर्फबारी के दौरान सड़कों को बहाल करने के लिए मशीन और मजदूर की उपलब्धता सुनिश्चित करें। सड़कों पर वाहनों की सही पार्किंग सुनिश्चित करने के लिए भी स्थानीय प्रशासन आवश्यक कार्य योजना तैयार करें। डीसी ने कहा कि बर्फबारी के दौरान ढली से लेकर कुफरी तक की सड़क के बीच में पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। पर्यटकों के लिए शिमला से कुफरी आने जाने के लिए एचआरटीसी की बस का प्रबंध किया जाएगा।
इस अवसर पर एसपी मोनिका भुटूंगरू, एडीएम (कानून एवं व्यवस्था) राहुल चौहान, एडीएम (प्रोटोकॉल) सचिन कंवल, एसडीएम (ग्रामीण) बीआर शर्मा, एसडीएम (शहरी) मंजीत शर्मा, आरटीओ शिमला डीआर धीमान, लोनिवि अधीक्षण अभियंता सुरेश कपूर सहित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
पैदल मार्गों पर फिसलन रोकने का करें प्रबंध
डीसी ने कहा कि नगर निगम शहर के प्रमुख मार्गों को खोलने के लिए सभी तैयारियों को सुनिश्चित करें। स्वास्थ्य संस्थाओं आवागमन के लिए प्रयोग होने वाले नियमित मार्ग और अन्य आपातकालीन मार्गों को प्राथमिकता के आधार पर खोलें। उन्होंने पैदल मार्गों पर फिसलन को रोकने के लिए समुचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। बताया कि सभी विभाग इस दौरान आपस में समन्वय स्थापित कर कार्य करें।
किस सेक्टर में कौन सा क्षेत्र
सेक्टर एक : संजौली, ढली, कुफरी, नालदेहरा, मशोबरा, बल्देयां।
सेक्टर दो : ढली-संजौली बाईपास, संजौली चौक, आईजीएमसी, रिगल, लक्कड़ बाजार से विक्ट्री टनल तक, कैथू, भराड़ी, चौड़ा मैदान, एजी ऑफिस, अनाडेल, उपायुक्त कार्यालय।
सेक्टर तीन : बाईपास एनएच सड़क वॉया आईएसबीटी से शोघी तक, चक्कर, बालुगंज, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, टूटु, जतोग, नाभा, फागली, खलीणी, बीसीएस, विकास नगर।
सेक्टर चार : विक्ट्री टनल से कार्ट रोड, छोटा शिमला चौक तक, ऑट्ररेक, यूएस क्लब, मॉल, रिज, जोधा निवास, हॉली लोज, जाखू, रिज माउंट और रामचंद्र चौक।
सेक्टर पांच : हाईकोर्ट, केएनएच, ओकओवर, राज भवन, बैनमोर, वन रोड, हिमाचल प्रदेश सचिवालय, छोटा शिमला, ब्रॉकहास्ट, मेहली, कसुम्पटी तथा पंथाघाटी।