राजधानी शिमला के ऐतिहासिक गेयटी थियेटर में शनिवार को बॉलीवुड अभिनेत्री शिल्पा शुक्ला के नाटक ‘ए वुमन अलोन’ का मंचन किया गया। नाटक के माध्यम से घर में अकेले रहने वाली महिला की पीड़ा को मंच पर उतरा गया। दर्शकों ने शिल्पा शुक्ला के अभिनय की जमकर तारीफ की।
नाटक में दिखाया गया कि एक गर्भवती महिला घर पर अकेली रह रही है। पड़ोस में रहने वाला एक आदमी मौका मिलते ही उसे घूरने शुरू कर देता है। महिला का बिजनेसमैन पति घर से दूर रहता है और महिला चारदीवारी में कैद है। महिला का किसी अन्य युवक से प्रेम संबंध था, इसलिए पति उससे नफरत करता है। महिला की बात सुनने वाला कोई नहीं है।
कई बार वह आत्महत्या करने का प्रयास करती है, लेकिन अपने गर्भ में पल रहे बच्चे का ख्याल आने पर रुक जाती है। नाटक के माध्यम से दिखाया गया कि महिला के साथ जो कुछ भी हुआ, वह पुलिस को बताने से डरती है। महिला घुट-घुटकर जीने को मजबूर है। नाटक के माध्यम से संदेश दिया कि महिला एक वस्तु न होकर सृजनकर्ता है।
महिलाएं अपने परिवार और बच्चों के लिए अपना सब कुछ त्याग देती हैं। गेयटी थियेटर में संकल्प संस्था और रेनेन्सटेंस थियेटर दिल्ली के संयुक्त तत्वावधान में विश्व प्रसिद्ध लेखक डारिफो की इस नाट्य कृति का मंचन किया गया।
नाटक के मंचन में इन्होंने किया सहयोग- प्रख्यात रंगकर्मी अवतार साहनी ने इस नाटक में प्रकाश परिकल्पना की। संगीत आशीष भागड़ा, मंच सज्जा एवं परिकल्पना में रूपेश भीमटा एवं केदार ठाकुर ने सहयोग दिया है। प्रस्तुति प्रबंधन में लक्ष्य गोयल ने सहयोग दिया है।