बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रणौत को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिली है। कंगना की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले के मनाली थाना में एफआईआर दर्ज की है।
बॉलीवुड क्वीन कंगना रणौत को एक पंजाबी युवक ने सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी दी है। इस पर कंगना ने हिमाचल प्रदेश के मनाली थाने में शिकायत पत्र सौंपा है। इस आधार पर पुलिस ने धमकी देने वाले युवक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एसपी कुल्लू गुरदेव शर्मा ने पुष्टि करते हुए कहा है कि कंगना की सुरक्षा के लिए उनके मनाली स्थित घर के बाहर पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है।
वहीं, कंगना ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि एक भाई ने उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए कहा है कि उधम सिंह ने 20 साल बाद जनरल डायर को मारा था। अब तेरा नंबर भी जरूर आएगा। कंगना ने कहा कि वह देशविरोधी ताकतों पर बोलती रहेंगी। सोशल मीडिया में लोग कंगना की इस पोस्ट पर मिलीजुली प्रतिक्रिया दे रहे हैं। ‘धाकड़’ फिल्म की शूटिंग पूरा करने के बाद इन दिनों कंगना अपने घर मनाली में हैं। केंद्र सरकार ने कंगना रणौत को वाई श्रेणी की सुरक्षा दी गई है।