अभिनेता अनुपम खेर ने प्रशंसकों के साथ खिंचवाई फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर अपनी माता दुलारी देवी के साथ 20 जून तक पैतृक घर शिमला (टुटू) में रहेंगे। करीब दो साल बाद शिमला आने के बाद अनुपम खेर ने वीरवार को बचपन और स्कूल के दोस्त फागली निवासी प्रेम वर्मा से मुलाकात की। प्रेम वर्मा हिमाचल प्रदेश बैंक इंपलाइज फेडरेशन के महासचिव हैं। दोपहर बाद अनुपम खेर पुराने मित्र प्रसिद्ध ज्योतिषी प्रेम शर्मा से मिलने शोघी पहुंचे।
वहां उन्होंने लंच किया। प्रशंसकों से साथ सेल्फी भी ली। शोघी में कुछ समय बिताने के बाद अनुपम अपने निवास स्थान लौट आए। अनुपम खैर के दोस्त प्रेम वर्मा ने बताया कि कोरोना की वजह से वह दो साल शिमला नहीं आ पाए। अब शिमला लौटने के बाद अनुपम खेर बहुत उत्साहित हैं।
वह 20 जून तक अपनी माता के साथ शिमला में रुकेंगे। कोरोना काल में करीब एक साल अनुपम न्यूयार्क में थे। वहां उन्होंने एक सीरियल के लिए शूट फिल्माए। दोनों ने आपस में पुरानी यादों को ताजा करने के साथ कोरोना काल के अनुभव भी साझा किए। स्कूल के दौरान अनुपम नाभा में रहते थे। इस दौरान वह पड़ोस में रहते थे और स्कूल के बाद साथ मौज-मस्ती करते थे।
अनुपम खेर ने ट्वीट कर दी मां को शिमला लाने की जानकारी
अपनी मां को मुंबई से शिमला लाने की सूचना अनुपम खेर ने ट्वीट कर दी। उन्होंने जय हो, हैशटेग, दुलारी रॉक्स ट्वीट कर लिखा, मां को शिमला छोड़ने आए हैं। शिमला आने को मां दुलारी बहुत उत्साहित हैं। मुंबई में दो साल से मां घर के भीतर ही रहीं। अब उन्हें कोरोना से बचाव के दोनों टीके लग चुके हैं। मुझे यकीन है आप सभी उनके लिए बहुत खुश होंगे। अनुपम खेर ने मुंबई से चंडीगढ़ आते हुए अपनी मां के साथ फ्लाइट का वीडियो भी ट्वीट किया।