इसी को देखते हुए मुख्य सचिव की ओर से सभी अतिरिक्त मुख्य सचिवों, प्रधान सचिवों व सचिवों को जारी किए गए आदेश में कहा गया है कि वे तय अवधि के बीच हुई मंत्रिमंडल की बैठकों में हुए निर्णयों पर की गई कार्यवाही से अवगत कराएं। इसमें घोषणा व निर्णय को लागू करने से संबंधित नोटिफिकेशन, गाइड लाइन व आदेशों की प्रति भी लगाने को कहा गया है।
साथ ही उन घोषणाओं व निर्णयों की अलग से सूची देने को कहा है जिनको अभी तक लागू नहीं किया जा सका है। साथ ही लागू न करने के कारण भी बताने को कहा है। इसके लिए मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से बाकायदा निर्धारित प्रोफार्मा भी जारी किया गया है जिसमें अधिकारियों को जानकारी उपलब्ध करानी है।
मुख्य सचिव के इस आदेश के बाद शासन में बैठे आला अधिकारियों ने अपने अधीनस्थ विभागीय अधिकारियों से जानकारी मांगी है। सूत्रों का कहना है कि इस जानकारी के आने के बाद मंत्रिमंडल की अगली बैठक में विभाग वार इस पर चर्चा हो सकती है।