खो-खो में खेलेंगे अक्षय और शुभम
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के दो विद्यार्थियों का चयन नॉर्थ जोन अंतर विश्वविद्यालय खो-खो प्रतियोगिता के लिए हुआ है। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के शारीरिक शिक्षा प्राध्यापक डॉ. पवन कुमार वर्मा ने कहा कि प्रदेश विश्वविद्यालय की खो-खो टीम के चयन के लिए राजकीय महाविद्यालय अर्की में 20 फरवरी को ट्रायल हुए। इसमें प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों के करीब 100 से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया। डॉ. वर्मा ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर के दो विद्यार्थियों अक्षय कुमार तथा शुभम ठाकुर का चयन प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की खो-खो की टीम के लिए हुआ है। यह नॉर्थ जोन अंतर विश्वविद्यालय खो-खो प्रतियोगिता 23 फरवरी से डीएवी यूनिवर्सिटी जालंधर में होगी। राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर की प्रचार्या डॉ. अंजू बत्ता सहगल ने प्रदेश विश्वविद्यालय खो-खो टीम में चयनित अक्षय कुमार और शुभम ठाकुर, उनके प्रशिक्षक स्वरूप राणा, डॉ. पवन कुमार वर्मा को बधाई दी है।
शतरंज में फतेहपुर स्कूल के समक्ष ने मारी बाजी
वहीं, राज्य स्तरीय अंडर-17 शतरंज प्रतियोगिता 20 फरवरी को ऑनलाइन माध्यम से करवाई गई। इसमें राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला फतेहपुर की कक्षा 11वीं के विज्ञान संकाय के छात्र सक्षम शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया। सक्षम शर्मा का चयन इस वर्ष के जून माह में संभावित राष्ट्रीय स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। प्रधानाचार्य कमलेश शर्मा ने सक्षम को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। डीपीई नरेंद्र राणा, पीटीई नरदेव पठानिया ने सक्षम और अभिभावकों को बधाई दी।