चोरी के वक्त मंदिर में एक व्यक्ति कर रहा था पूजा
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। छोटा शिमला के लक्ष्मी-नारायण मंदिर के बाहर से दानपात्र चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 31 वर्षीय जय प्रकाश निवासी गांव फागू, डाकघर कांडो, तहसील शिलाई, जिला सिरमौर का रहने वाला है। पुलिस ने चोरी किए दानपात्र को कसुम्पटी क्षेत्र के कुम्हाली गांव के जंगल से बरामद किया। इसके साथ ही चढ़ावे की राशि भी बरामद कर ली है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 303 (2) के तहत केस दर्जकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। मामला सोमवार सुबह का है, जब शिकायतकर्ता 5:30 बजे मंदिर पहुंचा और दान पेटी को मंदिर के अंदर से निकालकर गेट के बाहर रखकर पूजा करने लगे। इसके बाद वह 6:30 बजे के करीब बाहर आए तो देखा कि दान पेटी गायब है। उन्होंने इसकी सूचना फौरन छोटा शिमला पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की और आसपास में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो एक युवक सुबह 6:00 बजे के करीब मंदिर के बाहर संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए देखा गया जो दानपात्र को चोरी करके ले गया। छोटा शिमला पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू की और तकनीकी जांच और अन्य पहलुओं के आधार पर सोमवार रात को ही आरोपी को दानपात्र के साथ धर दबोचा है।
पुलिस अब इस बात की छानबीन कर रही है कि आरोपी ने चोरी करने से पहले इसकी रैकी की थी या नहीं। पुलिस ने इस तरह का मामला सामने आने के बाद शहर के सभी धार्मिक स्थलों के प्रबंधकों से आग्रह किया है कि दान पेटियों और अन्य मूल्यवान वस्तुओं की सुरक्षा के लिए उचित निगरानी, सीसीटीवी की व्यवस्था एवं सतर्कता बनाए रखें। एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि पुलिस ने मंदिर से दानपात्र चोरी करने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।