फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Shimla News: महिलाओं की आंखों में मिर्च डालकर आभूषण छीनने वाला जम्मू का आरोपी नूरपुर से गिरफ्तार

विज्ञापन
विज्ञापन
रेकी के बाद सुनसान रास्तों पर महिलाओं को बनाता था निशाना
विज्ञापन

कुमारसैन में हुईं तीन वारदातों में संलिप्तता का आरोप, चंबा में भी पहले से दर्ज हैं छीनाझपटी का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। कुमारसैन में पिछले सात महीनों में महिलाओं की आंखों में मिर्ची का पाउडर डालकर तीन छीनाझपटी की वारदातों के आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गहन जांच और खुफिया तंत्र के आधार पर पुलिस ने इस मामले में जम्मू के एक युवक का पकड़ा है। आरोपी की पहचान जेल सिंह पुत्र करण सिंह निवासी जिला डोडा, जम्मू-कश्मीर उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है। एएसपी शिमला मेहर पंवार ने मंगलवार को प्रेसवार्ता में बताया कि आरोपी वारदात से पहले घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की रेकी करता था और सुनसान रास्तों पर अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था।
पुलिस ने नूरपुर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अब उसे न्यायालय में पेश कर रिमांड लेकर गहन पूछताछ की जाएगी। इन घटनाओं की वजह से कुमारसैन और इसके आसपास के क्षेत्र में महिलाएं अकेले चलने से भी डर रहीं थीं। कुमारसैन पुलिस के अनुसार पहली वारदात 31 अगस्त को जुब्बड़ के पास हुई थी। इस संबंध में सीमा देवी की शिकायत पर थाना कुमारसैन में बीएनएस की धारा 304(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। आरोपी ने महिला की आंखों में मिर्ची का पाउडर डालकर दोनों कानों की बालियां छीन ली थीं। इसके बाद 14 सितंबर को कंडयाली के पास इसी तरह की वारदात हुई। आरोपी ने सुनो देवी नाम की महिला की आंखों में मिर्ची का पाउडर डालकर उनके कानों से सोने की बालियां छीन लीं। तीसरी वारदात 26 सितंबर को उस समय हुई, जब कनकु के ढाबे पर आरोपी ने महिला के अकेले होने का फायदा उठाकर उनकी आंखों में मिर्ची का पाउडर डाला और गले से मंगलसूत्र छीनकर फरार हो गया। वारदात के बाद हर बार आरोपी मौके से भागने में कामयाब हो जाता था। वह खासतौर पर अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था। पुलिस की टीम लगातार उसकी तलाश कर रही थी लेकिन उसके बारे में पुख्ता जानकारी नहीं मिल पा रही थी। इसके बाद पुलिस को तकनीकी जांच और लोगों से पूछताछ में आरोपी की लोकेशन नूरपुर में मिली। स्थानीय पुलिस की मदद से पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन


महिलाओं के आने-जाने वाले रास्तों पर रखता था नजर
पुलिस की जांच के दौरान सामने आया कि तीनों वारदातों में आरोपी का अपराध को अंजाम देने का तरीका एक जैसा था। आरोपी कई दिन पहले क्षेत्र की रेकी करता और महिलाओं की आवाजाही और उनके आने-जाने के रास्तों पर नजर रखता था। इसके बाद वह ऐसे समय का इंतजार करता था, जब महिला सुनसान या एकांत रास्ते पर अकेली हो। मौका मिलते ही वह आंखों में मिर्ची का पाउडर डालकर असहाय करता और पहने हुए सोने के आभूषण छीनकर फरार हो जाता था। आरोपी सीसीटीवी कैमरों की निगरानी से बचने के लिए सुनसान स्थानों का इस्तेमाल करता था। पुलिस ने तीनों मामलों को आपस में जोड़कर तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। इसी आधार पर आरोपी की पहचान जेल सिंह के रूप में हुई। कुमारसैन पुलिस ने नूरपुर पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर 5 अक्तूबर को आरोपी को हिरासत में लिया और उसे कुमारसैन लाया गया। यहां तीनों मामलों की पीड़िताओं/शिकायतकर्ताओं ने आरोपी की पहचान भी कर ली है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें