सलूणी-सुंडला मार्ग पर एक पिकअप खाई दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चालक की मौके पर ही मौत हो गई। चालक की पहचान प्रकाश चंद आयु 34 वर्ष पुत्र होशियारा राम गांव डोल पंचायत सियुंला के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि गाड़ी तेलका से वापस सुंडला की तरफ आ रही थी, जिससे हुटा नामक स्थान पर पहुंचने पर गाड़ी अनियंत्रित होकर 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद लोगों ने राहत कार्य शुरू कर दिया लेकिन चालक को बचाने में कामयाब नहीं हो सके।
चालक की मौके पर ही मौत हो गई थी। इसके बाद स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तेलका पुलिस चौकी को दी। पुलिस ने मौके पर आकर शव को अपने कब्जे में ले लिया तथा चश्मदीदों के ब्यान दर्ज किए।
उधर पुलिस चौकी तेलका के प्रभारी सुभाष चंद ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए चंबा अस्पताल भेज दिया गया है, जहां उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुलिस हादसे के कारणों की जांच करेगी।