ऊना जिला के बंगाणा उपमंडल के कोलका गांव के नजदीक एक ट्राला जीप और बाइक की टक्कर में एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई है।
हादसे में एक व्यक्ति बुरी तरह से जख्मी हो गया है। उसे नाजुक हालत में पीजीआई रेफर किया है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के अनुसार डोहक निवासी विरेंद्र कुमार देर शाम अपने पिता के साथ बाइक पर रायपुर मैदान से अपने घर की ओर जा रहा था। इसी दौरान कोलका के पास सामने से आ रही एक ट्राला जीप से बाइक की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में विरेंद्र और उनके पिता हरी किशन बुरी तरह से जख्मी हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही विरेंद्र कुमार की मौत हो गई।
वहीं, उनके पिता पीजीआई में उपचाराधीन हैं। मृतक पंजाब के लुधियाना में निजी क्षेत्र में काम करता था। पुलिस अधीक्षक अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।