शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला में फीस वृद्धि वापस लेने और छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) का क्रमिक भूख हड़ताल आंदोलन सोमवार को आठवें दिन भी जारी रहा। कुलपति कार्यालय के बाहर चल रहे अनशन में आठवें दिन इकाई उपाध्यक्ष अमन अदिति और विद्यार्थी विस्तारक राकेश नाथ अगले 24 घंटे के लिए भूख हड़ताल पर बैठे।
विज्ञापन
इससे पहले इकाई अध्यक्ष अक्षय ठाकुर और विज्ञान संकाय इकाई अध्यक्ष विक्रम ठाकुर ने सातवें दिन 24 घंटे का अनशन पूरा किया। एबीवीपी इकाई मंत्री सुशील शर्मा ने कहा कि भारी फीस वृद्धि से आम परिवारों के छात्रों के लिए उच्च शिक्षा हासिल करना कठिन होता जा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत करने के लिए छात्रसंघ चुनाव बहाल करना जरूरी है। संगठन ने चेतावनी दी कि जब तक फीस वृद्धि वापस नहीं ली जाती और छात्रसंघ चुनाव बहाल नहीं होते तब तक आंदोलन जारी रहेगा। एबीवीपी ने कहा कि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।