अमर उजाला ब्यूरो शिमला। छात्र संघ चुनाव बहाल करने और विवि में स्थायी कुलपति की तैनाती की मांग को लेकर एबीवीपी की विवि इकाई ने मंगलवार को कुलपति कार्यालय तथा पुस्तकालय के बाहर प्रदर्शन किया।
इकाई सचिव अविनाश की अगुवाई में हुए इस प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने चुनाव बहाली को लेकर जमकर नारेबाजी की। छात्र-छात्राओं से जुड़ी मांगों को लेकर एबीवीपी के प्रतिनिधिमंडल ने प्रति कुलपति प्रो. राजिंद्र वर्मा से मुलाकात की और उन्हें मांग पत्र सौंपा। इकाई सचिव अविनाश ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार को यही डर सता रहा है कि कोई छात्र नेता न उभर जाए। इसी भय से छात्र संघ चुनाव न करवाकर अप्रत्यक्ष मेरिट आधार पर एससीए का गठन किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस सरकार को सत्ता में आए दो साल का समय हो चुका है, लेकिन अभी तक सरकार एचपीयू को स्थायी कुलपति तक नहीं दे पाई।
कुलपति के न होने से विवि के काम रुक गए हैं। इसलिए उन्होंने जल्द विवि में स्थायी कुलपति की तैनाती करने और इसी सत्र से छात्र संघ चुनाव बहाल करने की सरकार से मांग की है। इसके अलावा एबीवीपी ने विवि के ईआरपी सिस्टम की खामियों को दूर करने, परीक्षा परिणामों में पेश आ रही खामियों को दुरुस्त करने, पुनर्मूल्यांकन का परिणाम जल्द निकालने, विवि में रिक्त 350 से अधिक पदों को भरने की मांगों को उठाया। एबीवीपी ने छात्रावास आवंटन की प्रक्रिया में सुधार करने, प्रवेश परीक्षा में टॉपर, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को छात्रावास के लिए सीटें आरक्षित कर आवंटित करने के अलावा पुस्तकालय की क्षमता को बढ़ाने, हर विभाग में सब्सिडाइज्ड सीटों की संख्या बढ़ाने और इंडोर स्टेडियम का निर्माण करने की मांगों को मांगपत्र में शामिल किया है। अभिषेक ने कहा कि यदि यह मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो एबीवीपी उग्र आंदोलन शुरू करेगी।