प्रतिस्पर्धा के दौर में एक अंक और एक सेकंड छात्र जीवन में बड़ा मायने रखता है। द्राहल के नालंदा हाई स्कूल का होनहार विद्यार्थी अभय राणा के साथ यही हुआ। स्पेस क्विज की आनलाइन परीक्षा में महज एक सेकंड में वह अपने प्रतियोगी से पीछे रह गया।
इस एक पल की उसे बड़ी कीमत चुकानी पड़ी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बैठकर चंद्रयान दो की लैंडिंग का मौका उसे गंवाना पड़ा। लेकिन, इस प्रतियोगिता में ऑनलाइन तीसरे स्थान पर रहकर अपने क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया।
बता दें कि इसरो स्पेस क्विज कंपीटीशन में अभय और दिल्ली की एक छात्रा में तीसरे स्थान के लिए टाई हुआ। ज्यूरी ने नियमानुसार टाइम वाच किया। जिसमें दिल्ली की छात्रा एक सेकंड पहले उत्तर देने में कामयाब रही और उसे पीएम मोदी के साथ चंद्रयान दो की लैंडिंग देखने का मौका मिल गया।
अभय राणा का कहना है कि वह अधिक मेहनत करेगा और आगे बढ़ेगा। उसका सपना एयरोनोटिकल इंजीनियर बनने का है। अभय के पिता रोशन सिंह द्रुब्बल में पंचायत सहायक के पद पर हैं और माता सुमना देवी भड़याड़ा गांव में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हैं। पाठशाला के निदेशक भाग सिंह तथा मुख्याध्यापिका अनिता सहित अन्य ने अभय के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।