35वीं नेशनल गेम्स में हिमाचल के बॉक्सर ने गोल्डन पंच जड़ा है। मंडी के सुंदरनगर के बॉक्सर आशीष चौधरी ने यह कमाल किया है। 75 किलोग्राम वर्ग में आशीष ने पश्चिम बंगाल के कंलदीप को 12-07 से हराया। शुक्रवार को केरल के त्रिचुर में फाइनल हुआ। इससे पूर्व हुए सेमीफाइनल में आशीष ने सेना के बॉक्सर हरपाल को 22-10 से पराजित किया।
आशीष की इस उपलब्धि पर कोच नरेश वर्मा ने खुशी जताई है। इससे पूर्व आशीष ने 2013 में हुई नॉर्थ इंडिया चैंपियनशिप में भी इस वर्ग में गोल्ड जीत चुके हैं। स्कूल नेशनल मुक्केबाजी में कांस्य पदक विजेता रह चुके है। कई बार यह बॉक्सर नेशनल कैंप में शामिल हो चुका है। प्रदेश बाक्सिंग संघ के अध्यक्ष राजेश भंडारी और महासचिव सुरेंद्र शांडिल ने एसोसिएशन की ओर से आशीष को बधाई दी है।
प्रदेश ओलंपिक संघ के महासचिव राजेश भंडारी ने कहा कि बॉक्सर आशीष ने केरल में हिमाचल का नाम चमकाया है। वहीं, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने मंडी के सुंदरनगर के आशीष कुमार को 35वीं राष्ट्रीय खेलों के बॉक्सिंग वर्ग में गोल्ड जीतने पर बधाई दी है। उन्होंने ने कहा कि आशीष कुमार ने स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन किया है।
गांव में जीत का जश्न
आशीष की जीत के बाद उनके गांव जरल में जश्न जैसा माहौल है। बेटे की उपलब्धि से परिजनों में खुशी का माहौल है। आशीष चौधरी अपना आदर्श ताया के बेटे शिव चौधरी को मनाते हैं। जो शिमला में डीएसपी के पद पर तैनात हैं। तीन बार जुगाण पंचायत के प्रधान रह चुके मंगत राम ने बताया कि उन्हें आशीष चौधरी के गोल्ड जीतने पर भरोसा था।
आशीष की माता दुर्गा चौधरी का कहना है बेटे की जीत पर उन्हें गर्व है। आशीष ने सुंदरनगर के एमएलएसएम कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की है। आशीष के ताया के बेटे और बॉक्सिंग एसोसिएशन जिला मंडी के अध्यक्ष सुरेश चौधरी ने आशीष को जीत पर बधाई दी। गांव के लोग आशीष के स्वागत की तैयारियों में लगे हैं।