भारत की कठिनतम यात्राओं में शुमार श्रीखंड महादेव यात्रा पर प्रशासनिक रोक के बाद भी यात्री जान जोखिम में डालकर यात्रा पर जा रहे हैं। यात्रा पर गए एक युवक की बुधवार सुबह श्रीखंड से लौटते वक्त तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। सूचना मिलते ही निरमंड थाने से पुलिस का दल शव लाने रवाना हो गया है।
निरमंड थाना प्रभारी नागदेव ठाकुर ने बताया कि जिला शिमला के ठियोग से श्रीखंड यात्रा पर निकले एक युवक अविनाश भारद्वाज (20) निवासी गांव टियाली, तहसील ठियोग की बुधवार को यात्रा से वापस आते समय थाचड़ू में तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। अविनाश अपने दोस्तों के साथ श्रीखंड यात्रा पर गया था।
पुलिस के जवानों को शव लाने के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। एसडीएम आनी चेत सिंह ने बताया कि प्रशासनिक रूप से श्रीखंड यात्रा बंद हो चुकी है। उन्होंने लोगों से भारी बारिश और खराब मौसम होने के चलते यात्रा पर न जाने को कहा है।